Page Loader
भाजपा का अगला अध्यक्ष कौन होगा? RSS ने उम्र समेत रखीं ये शर्तें
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए संघ ने कुछ शर्तें रखी हैं

भाजपा का अगला अध्यक्ष कौन होगा? RSS ने उम्र समेत रखीं ये शर्तें

लेखन आबिद खान
Jul 09, 2025
11:40 am

क्या है खबर?

भाजपा को जल्द ही अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। संसद के मानसून सत्र से पहले और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश यात्रा से आने के बाद नए अध्यक्ष का ऐलान हो सकता है। कहा जा रहा है कि अध्यक्ष को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने सभी सुझाव दे दिए हैं। अब भाजपा में चर्चा के बाद चेहरे पर फैसला लिया जाएगा। आइए जानते हैं RSS ने क्या-क्या शर्तें रखी हैं।

पैमाने

60 साल से कम नहीं होनी चाहिए उम्र- RSS

न्यूज18 के मुताबिक, RSS ने भाजपा संगठन को भेजी गईं सिफारिशों में कहा है कि अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष समावेशी, सुलभ, जमीनी स्तर का संगठन कार्यकर्ता होना चाहिए और उसकी उम्र 60 साल से कम नहीं होनी चाहिए। RSS के एक सूत्र ने कहा, "संघ ऐसे नेता को चाहता है, जो जमीनी स्तर और हाईकमान के बीच पुल का काम कर सके, संगठनों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित कर सके और भीतर और बाहर दोनों फीडबैक के लिए खुला हो।"

भाजपा

अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा का क्या कहना है?

न्यूज18 से एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, "यह उस नाम को व्यापक राजनीतिक पैमानों में फिट करने के बारे में है, जो भाजपा के 2029 के आम चुनावों से जुड़ा है। इस फैसले को रणनीतिक महत्व के साथ देखा जा रहा है, न कि केवल खाली जगह भरने के लिए।ये संघ के शताब्दी वर्ष के दृष्टिकोण और भाजपा के अगले राजनीतिक युग के साथ तालमेल में पार्टी नेतृत्व के अगले चरण को परिभाषित करने के लिए भी अहम है।"

संगठन

नए अध्यक्ष के बाद संगठन में हो सकते हैं बड़े बदलाव

नए अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद भाजपा में संगठनात्मक स्तर पर कई और बड़े बदलाव होने की उम्मीद है। इसलिए भी नए चेहरे पर गहन विचार विमर्श किया जा रहा है। माना जा रहा है कि संगठन में 50 प्रतिशत तक महासचिव और टीम बदल सकती है। इसका उद्देश्य संगठन में नई ऊर्जा और संतुलन को साधना है। इन सबमें RSS की भूमिका निर्णायक जरूर है, लेकिन वो केवल मार्गदर्शक की तरह ही है।

दावेदार

कौन-कौन हैं दावेदार?

रिपोर्ट के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए जिन नामों पर विचार किया जा रहा है, उनमें शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, भूपेंद्र यादव और धर्मेंद्र प्रधान आगे हैं। भाजपा महासचिव सुनील बंसल और विनोद तावड़े भी दौड़ में हैं। दावा किया जा रहा है कि भाजपा महिलाओं को साधने के लिए पहली बार महिला अध्यक्ष भी नियुक्त कर सकती है। महिलाओं में निर्मला सीतारमण, डी पुरंदेश्वरी और वनाथी श्रीनिवासन का नाम सबसे आगे चल रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष

भाजपा ने 26 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए

भाजपा ने 26 राज्यों में प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त कर दिए हैं, जो पार्टी के संविधान के हिसाब से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए जरूरी सीमा से ज्यादा हैं। हालांकि, अभी गुजरात और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में अध्यक्ष का ऐलान नहीं हुआ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के लिए जरूरी है कि उम्मीदवार कम से कम 15 साल तक पार्टी का प्राथमिक सदस्य रहा हो। प्रदेश या राष्ट्रीय कार्यकारिणी के कम से कम 20 सदस्य उम्मीदवार का प्रस्ताव पेश कर सकते हैं।