LOADING...
पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर दोबारा मतदान जारी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर आज दोबारा मतदान हो रहा है

पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर दोबारा मतदान जारी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

लेखन आबिद खान
May 02, 2026
09:12 am

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर आज दोबारा मतदान हो रहा है। यहां सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इन 15 में से 4 बूथ डायमंड हार्बर और 11 मगरहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के हैं और सभी दक्षिण 24 परगना जिले में आते हैं। यहां कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हो रहा है। रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) समेत केंद्रीय एजेंसियां और राज्य पुलिस तैनात की गई हैं।

बूथ

कहां-कहां हो रहा है मतदान?

जिन बूथों पर दोबारा मतदान हो रहा है, उनमें मगराहाट पश्चिम का बूथ नंबर 46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 और 232 शामिल है। इसके अलावा डायमंड हार्बर के बूथ नंबर 117, 179, 194 और 243 पर भी दोबारा मतदान हो रहा है। इसके अलावा फाल्टा में भी दोबारा मतदान कराया जा सकता है। यहां हिंसा और EVM से छेड़छाड़ की 32 शिकायतें मिली थीं। यहां पुनर्मतदान पर अभी फैसला नहीं लिया गया है।

वजह

दोबारा क्यों हो रहा है मतदान?

इन सभी बूथों पर 29 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान हुआ था। इस दौरान हिंसा और EVM के साथ छेड़छाड़ की खबरें आई थीं। फाल्टा में सबसे ज्यादा 32, डायमंड हार्बर में 29 और मगराहट में 13 शिकायतें दर्ज की गई थीं। इन शिकायतों में EVM के बटनों पर काली टेप, चिपकने वाले पदार्थ और स्याही लगाने के आरोप लगाए गए थे। इसके बाद चुनाव आयोग ने इन बूथों पर पुनर्मतदान का आदेश दिया।

Advertisement

TMC

TMC बोली- दोबारा मतदान करवाना भाजपा की रणनीति

TMC नेता शशि पांजा ने समाचार एजेंसी ANI से कहा, "यह असल में भाजपा की रणनीति थी कि चुनाव के दिन वे दूसरी पार्टियों को उकसाएंगे। उन्होंने किसी तरह की गड़बड़ी भड़काई, ताकि कई और बूथों पर बड़े पैमाने पर दोबारा मतदान हो सके। यह भाजपा की रणनीति थी। वे तैयार नहीं हैं, वे जीत नहीं रहे हैं। उन्होंने यह धूर्त रणनीति अपनाई कि चलो कई जगहों पर दोबारा मतदान करवाते हैं और बंगाल को बदनाम करते हैं।"

Advertisement

भाजपा

भाजपा बोली- चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत

पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि वह दोबारा मतदान के फैसले का स्वागत करते हैं। उन्होंने ANI से कहा, "मगराहाट पश्चिम में जो कुछ भी हुआ, उसका स्वागत है। डायमंड हार्बर में और भी ज्यादा बूथों पर और पूरे फलटा क्षेत्र में दोबारा वोटिंग होनी चाहिए थी। एक सिस्टम और प्रक्रिया है जिसका पालन किया जा रहा है। हम चुनाव आयोग का सम्मान करते हैं।"

Advertisement