मुनव्वर फारूकी के घर फिर गूंजी किलकारी, शादी की सालगिरह से ठीक पहले मिला बड़ा तोहफा
क्या है खबर?
मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन और 'बिग बॉस 17' के विजेता मुनव्वर फारूकी के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। मुनव्वर और उनकी पत्नी महजबीन कोटवाला एक प्यारी सी बेटी के माता-पिता बन गए हैं। शादी के करीब 2 साल बाद इस जोड़े के जीवन में आए इस नए मेहमान की खबर ने उनके फैंस के बीच जश्न का माहौल पैदा कर दिया है। सोशल मीडिया पर मुनव्वर को चारों तरफ से बधाइयां मिल रही हैं।
पहली झलक
अस्पताल से पत्नी महजबीन और नवजात बेटी की पहली झलक
मुनव्वर ने सोशल मीडिया पर फैंस को ये खुशखबरी दी। उन्होंने मां और बेटी की बेहद प्यारी तस्वीरें साझा की हैं। हालांकि, अपनी निजता को बरकरार रखते हुए मुनव्वर ने अभी अपनी पत्नी और बेटी के चेहरे को पूरी तरह से नहीं दिखाया है। उन्होंने तस्वीरों के साथ एक प्यारा सा कैप्शन लिखकर अपनी खुशी का इजहार किया। इन तस्वीरों में वो अपनी नवजात बेटी और पत्नी महजबीन के साथ नजर आ रहे हैं।
खुशखबरी
शादी की दूसरी सालगिरह से पहले मुनव्वर बने पिता
अस्पताल के कमरे से साझा की गई इन झलकियों में मुनव्वर का पिता बनने की खुशी साफ देखी जा सकती है। उन्होंने लिखा, 'घर बरकत आई। धन्य। अल्हम्दुलिल्लाह। दुआ में खास याद रखें!' मुनव्वर और महजबीन इसी महीने अपनी दूसरी शादी की सालगिरह मनाने वाले हैं। वरुण धवन ने बधाई देते हुए लिखा, 'बधाई हो बधाई भाई।' गौहर खान ने दुआ देते हुए लिखा, 'मुबारक हो। अल्लाह हिफाजत करे।' अली गोनी और रणवीर अल्लाहबादिया ने भी उन्हें मुबारकबाद दी।
ट्विटर पोस्ट
मुनव्वर फारूकी बने पिता
Alhamdulillah 🤍✨ Munawar Farooqui ke ghar nanhi pari aayi hai 👶🏻🎀 Allah is beti ko sehat, khushiyan, lambi umar aur hifazat de Maa aur baby dono hamesha salamat rahen Ameen 🤲🏻💕 Mubarak ho @munawar0018#MunawarFaruqui || #MKJW pic.twitter.com/8Uow0O7mlc
— ᴬʸᵃⁿ ᴷʰᵃⁿ👁️🗨️ (@Mr_AYAN__KHAN_7) May 1, 2026
दूसरा बच्चा
मुनव्वर और महजबीन ने किया दूसरे बच्चे का स्वागत
मुनव्वर और महजबीन ने साल 2024 में गुपचुप तरीके से निकाह किया था और तब से ही वे अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रख रहे थे। यहाँ तक कि उन्होंने महजबीन की प्रेग्नेंसी की बात भी पूरी तरह गुप्त रखी थी। मुनव्वर की पहली शादी जैस्मीन से हुई थी, जिनसे उनका एक बेटा है, जिसका नाम मिकाइल है। महजबीन कोटवाला की भी ये दूसरी शादी है और उनकी पिछली शादी से उनकी एक बेटी है।
मिलन
हिना खान ने मिलाई थी मुनव्वर-महजबीन की जोड़ी
बता दें कि मुनव्वर-महजबीन ने 26 मई, 2024 को एक निजी निकाह समारोह में शादी की थी। अभिनेत्री हिना खान ने इस जोड़े को मिलाने में मदद की थी। उनकी लव स्टोरी में हिना का बड़ा योगदान है। मुनव्वर की निजी जिंदगी तब काफी चर्चा में आई थी, जब उनकी पूर्व गर्लफ्रेंड आयशा खान ने 'बिग बॉस 17' में वाइल्ड कार्ड एंट्री लेकर मुनव्वर पर धोखाधड़ी और कई महिलाओं को एक साथ डेट करने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए थे।