Page Loader
राजस्थान चुनाव: अशोक गहलोत ने लगातार छठवीं बार सरदारपुरा सीट पर जीत दर्ज की
राजस्थान के सरदारपुरा से जीते अशोक गहलोत

राजस्थान चुनाव: अशोक गहलोत ने लगातार छठवीं बार सरदारपुरा सीट पर जीत दर्ज की

लेखन गजेंद्र
Dec 03, 2023
05:38 pm

क्या है खबर?

राजस्थान विधानसभा चुनाव में जोधपुर जिले की सरदारपुरा विधानसभा सीट पर कांग्रेस के अशोक गहलोत और भाजपा के प्रोफेसर महेंद्र राठौर के बीच मुकाबला हुआ। गहलोत ने 96,859 वोट पाकर यहां से लगातार छठवीं बार जीत दर्ज की। उन्होंने राठौर को 26,396 वोट से मात दी। राठौर को 70,463 वोट मिले। कांग्रेस ने गहलोत के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ा था। तीसरे नंबर पर रहे आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार शैतान सिंह को 813 वोट मिले।

परिणाम

1999 से लगातार जीतते आ रहे हैं अशोक गहलोत

सरदारपुरा सीट अशोक गहलोत का मजबूत गढ़ है। गहलोत ने 1999 में पहली बार यहां से चुनाव लड़ा था और तब से अब तक वह लगातार जीत रहे हैं। 1999 में तत्कालीन विधायक मानसिंह देवड़ा ने यह सीट गहलोत के लिए छोड़ी थी। इस सीट पर सबसे पहले 1967 में जनसंघ के डी दत्त चुनाव जीते थे। 2013 में जब कांग्रेस जिले की 10 में 9 सीट हार गई थी, तब भी गहलोत ने सरदारपुरा सीट बचाई थी।

चुनाव

राजस्थान में सरकार बनाएगी भाजपा

राजस्थान में हर 5 साल में सरकार बदलती है और यह रिवाज इस साल भी कायम रहा। अभी तक के नतीजों में यहां भाजपा की जीत तय नजर आ रही है। भाजपा 117, कांग्रेस 67 और अन्य पार्टियों के प्रत्याशी और निर्दलीय 15 सीटों पर आगे है। यहां बहुमत के लिए 100 सीटों की जरूरत है। सचिन पायलट, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और वसुंधरा राजे सिंधिया भी अपनी सीटों पर जीत गए हैं।