LOADING...
राहुल गांधी गुजरात में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भड़के, बोले- आधे भाजपा से मिले हुए
राहुल गांधी ने गुजरात में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खूब सुनाई

राहुल गांधी गुजरात में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भड़के, बोले- आधे भाजपा से मिले हुए

लेखन आबिद खान
Mar 08, 2025
01:58 pm

क्या है खबर?

लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुजरात दौरे पर हैं। आज उन्होंने अहमदाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गुजरात कांग्रेस में 2 तरह के लोग हैं एक वे जो पार्टी की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध हैं और जनता के लिए काम कर रहे हैं और दूसरे वे जो भाजपा से मिले हुए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को पार्टी से निकालना पड़े तो निकाल देना चाहिए।

बयान

राहुल बोले- हमारे पास बब्बर शेर, मगर सब बंधे हुए

राहुल ने कहा, "गुजरात की जनता विकल्प चाहती है। B टीम नहीं चाहती। मेरी जिम्मेदारी है इन 2 समूह को छानने की। हमारे पास बब्बर शेर हैं, मगर पीछे से चेन लगी हुई है। बंधे हुए हैं। अगर हमें सख्त कार्रवाई करनी पड़ी, 10, 15, 20, 30 लोगों को निकालना पड़ा तो निकाल देना चाहिए। भाजपा के लिए अंदर से काम कर रहे हो, चलो जाकर बाहर से काम करो। तुम्हारी वहां जगह नहीं बनेगी। वो तुम्हें बाहर फेंक देंगे।"

ट्विटर पोस्ट

यहां सुनें राहुल गांधी का संबोधन

जिम्मेदारी

पार्टी को जिम्मेदारी पूरी करने की जरूरत- राहुल

राहुल गांधी ने कहा, 'मैं गुजरात के युवाओं, किसानों, छोटे व्यापारियों और अपनी बहनों के लिए आया हूं। मैंने खुद से पूछा कि मेरी और कांग्रेस पार्टी की क्या जिम्मेदारी है? तकरीबन पिछले 30 सालों से हम यहां सरकार में नहीं हैं। जब तक हम अपनी जिम्मेदारी को पूरा नहीं करेंगे, तब तक गुजरात की जनता हमें चुनाव में विजयी नहीं बनाएगी। जिस दिन हमने अपनी जिम्मेदारी पूरी कर दी, उसी दिन गुजरात के लोग कांग्रेस को समर्थन दे देंगे।"

महात्मा गांधी

राहुल ने महात्मा गांधी को भी किया याद

राहुल ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी को भी याद किया। उन्होंने कहा, "अंग्रेज हमारे सामने थे। कांग्रेस लोगों का प्रतिनिधित्व करती थी, लेकिन कोई नेता नहीं था। नेता कहां से आया? दक्षिण अफ्रीका से आया। महात्मा गांधी। दक्षिण अफ्रीका ने उन्हें नहीं दिया। गुजरात ने कांग्रेस को हमारा मूल नेतृत्व दिया। उस नेतृत्व ने हमें सोचने, लड़ने और जीने का तरीका दिया। गांधी के बिना कांग्रेस देश को आजादी नहीं दिला पाती और गुजरात के बिना गांधी नहीं होते।"

कांग्रेस

गुजरात में कांग्रेस विफल, मुझे यह बोलने में कोई शर्म नहीं- राहुल

राहुल ने कहा, "गुजरात फंसा हुआ, इसको रास्ता नहीं दिख रहा। कांग्रेस पार्टी उसको रास्ता नहीं दिखा पा रही है। मैं ये बातें डरकर नहीं बोल रहा हूं और न शरमाकर बोल रहा हूं। मगर मैं आपके सामने ये बातें रखना चाहता हूं कि चाहे राहुल गांधी हो, चाहे सचिव हों, हम गुजरात को रास्ता नहीं दिला पा रहे हैं। साफ कहना पड़ेगा कि आज तक जनता की जो उम्मीदें हमसे थीं, मुझसे थीं, वे हम पूरी नहीं कर पाए।"

चुनाव

गुजरात में 30 साल से कांग्रेस सत्ता से बाहर

गुजरात में 1995 से भाजपा सत्ता में है। बीते कुछ चुनावों में यहां कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। 2022 के चुनावों में भाजपा को 182 में से 156 सीटों पर जीत मिली थी और कांग्रेस केवल 17 सीटों पर सिमट गई थी। पहली बार चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी (AAP) के कारण कांग्रेस को खासा नुकसान हुआ था। 2024 का लोकसभा चुनाव कांग्रेस-AAP ने मिलकर लड़ा था, तब भी केवल एक ही सीट पर जीत मिली थी।