Page Loader
राहुल गांधी का महाराष्ट्र चुनाव में बड़ी गड़बड़ी का दावा, बोले- मतदाताओं की संख्या अचानक बढ़ी
राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव में बड़ी गड़बड़ी का आरोप लगाया

राहुल गांधी का महाराष्ट्र चुनाव में बड़ी गड़बड़ी का दावा, बोले- मतदाताओं की संख्या अचानक बढ़ी

लेखन गजेंद्र
Feb 07, 2025
01:25 pm

क्या है खबर?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महाराष्ट्र चुनाव में बड़ी गड़बड़ी होने का दावा किया है। इसके लिए उन्होंने कुछ सबूत भी रखे हैं। दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में उन्होंने कहा कि राज्य में मतदाताओं की संख्या अचानक बढ़ी है, जो राज्य की कुल व्यस्क आबादी से अधिक है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में INDIA गठबंधन के सहयोगी शिवसेना (उद्धव ठाकरे) सांसद संजय राउत और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SCP) सांसद सुप्रिया सुले भी मौजूद रहीं।

दावा

हिमाचल प्रदेश के कुल वोटरों के बराबर बढ़ी संख्या

राहुल ने कहा, "महाराष्ट्र चुनाव में हमारी जांच के बाद मतदाता सूची पर कुछ सवाल उठे हैं। 5 साल में जितने वोटर मतदाता सूची में जोड़े गए थे, उससे ज्यादा वोटर 5 महीनों में जोड़े गए। 2019 के विधानसभा चुनाव से 2024 के लोकसभा चुनाव के बीच 32 लाख मतदाता जोड़े, जबकि 2024 के लोकसभा और 2024 के विधानसभा चुनाव के बीच 5 महीने में 39 लाख मतदाता जोड़े गए। यह हिमाचल प्रदेश के कुल वोटर जितनी संख्या है।"

सवाल

कौन हैं ये अतिरिक्त मतदाता?

राहुल आगे ने कहा, "ये अतिरिक्त मतदाता कौन है, कहां थे और ये कहां से आए हैं? महाराष्ट्र की व्यस्क जनसंख्या सरकार के मुताबिक 9.54 करोड़ है। चुनाव आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र में 9.7 करोड़ मतदाता हैं। इसका मतलब चुनाव आयोग कह रहा है कि महाराष्ट्र में व्यस्क जनसंख्या से ज्यादा मतदाता हैं।" राहुल ने कहा कि महाराष्ट्र में हिमाचल प्रदेश के कुल वोटर जितनी संख्या जोड़ी गई है, जहां ये जोड़े गए हैं वहां भाजपा जीती है।

उदाहरण

कामथी विधानसभा सीट का उदाहरण दिया

राहुल ने महाराष्ट्र की कामथी सीट का उदाहरण देते हुए बताया कि यहां कांग्रेस को 1.36 लाख वोट लोकसभा चुनाव में मिला था और तकरीबन इतना ही 1.34 लाख वोट विधानसभा चुनाव में भी इतना ही मिला। लोकसभा में भाजपा को 1.19 लाख मिलता है। इस सीट में 35,000 नए वोटर जुड़ते हैं और वो सब के सब भाजपा के खाते में जाते हैं और भाजपा जीतती हैं।" उन्होंने कहा कि ऐसे ढेरो उदाहरण शिवसेना, NCP के क्षेत्रों में हैं।

मांग

राहुल गांधी ने क्या रखी मांग?

राहुल ने कहा कि विपक्षी गठबंधन चुनाव आयोग पर कोई आरोप नहीं लगा रहा है, उनको आरोप लगाना चाहिए, लेकिन आरोप नहीं लगा रहे, सिर्फ महाराष्ट्र की मतदाता सूची मांग कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि विपक्षी पार्टियों को लोकसभा की अंतिम मतदाता सूची और विधानसभा चुनाव की अंतिम मतदाता सूची नाम पता और फोटो के साथ चाहिए। उन्होंने कहा कि आयोग पारदर्शिता नहीं लाना चाह रही है, विपक्ष इस जांच को आगे तक ले जाना चाहता है।

आऱोप

संजय राउत और सुप्रिया सुले ने क्या कहा?

संजय राउत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "अगर देश का चुनाव आयोग जिंदा है, उनका जमीर मरा नहीं है तो उनको राहुल गांधी के सवालों का जवाब देना चाहिए। आयोग सरकार की गुलामी कर रही है। ये 39 लाख मतदाता महाराष्ट्र से बिहार जाएंगे फिर उत्तर प्रदेश जाएंगे। ये मतदाता घूमते रहेंगे। इसी पैटर्न से ये चुनाव लड़कर जीत रहे हैं।" सुप्रिया सुले ने कहा कि विपक्ष पर चौतरफा हमला हो रहा है, लेकिन आयोग को पारदर्शी होना चाहिए।

ट्विटर पोस्ट

राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस