राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, अंतर्दृष्टि और मार्गदर्शन के लिए दिया धन्यवाद
क्या है खबर?
भाजपा के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात को उन्होंने एक विस्तृत और समृद्ध करने वाली बातचीत बताया और कहा कि यह एक ऐसी सुबह थी जिसे वे हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और समय देने के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया है। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री मोदी से हुई मुलाकात की जानकारी देते हुए अपनी भावनाएं प्रदर्शित कीं।
पोस्ट
चड्ढा ने अपनी पोस्ट में क्या कहा?
चड्ढा ने बैठक के बाद एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए प्रधानमंत्री की अंतर्दृष्टि और मार्गदर्शन के लिए उनका आभार जताया।
उन्होंने लिखा, 'यह एक ऐसी सुबह है जिसे मैं हमेशा संजो कर रखूंगा। मुझे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यह एक विस्तृत और ज्ञानवर्धक वार्तालाप था। उनके बहुमूल्य समय और उनके विचारों और मार्गदर्शन से लाभ उठाने के अवसर के लिए मैं अत्यंत आभारी हूं।"
भूमिका
AAP से भाजपा में शामिल होने के बाद नई भूमिका
चड्ढा ने इसी साल अप्रैल में आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। उनके साथ अशोक मित्तल और संदीप पाठक सहित 7 राज्यसभा सांसदों ने भी AAP को छोड़ दिया था।
भाजपा में आने के बाद राज्यसभा में उनकी भूमिका बदल गई है और उन्हें 20 मई से पुनर्गठित 'याचिका समिति' का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
हालांकि, NEET पेपर लीक विवाद पर चुप्पी के लिए उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
सफाई
चड्ढा ने राज्यसभा में दी थी सफाई
चड्ढा ने मामले में राज्यसभा में सफाई देते हुए कहा था कि विपक्ष से सत्ता पक्ष में आने के बाद उनकी भूमिका बदल गई है।
उन्होंने कहा, "जब मैं विपक्ष में बैठता था, तब सवाल उठाना मेरा हथियार था। आज मैं सत्ता पक्ष में बैठता हूं, तो समाधान खोजना मेरी जिम्मेदारी है।"
उन्होंने कहा कि वे रोज कैमरों के सामने आकर बयानबाजी कर सकते थे, लेकिन उनका मकसद सिर्फ सुर्खियां बटोरना नहीं, बल्कि देश की व्यवस्था को सुधारना है।