
पंजाब विधानसभा उपचुनाव परिणाम 2024: AAP ने 3 सीटें जीतीं, कांग्रेस केवल एक पर विजयी
क्या है खबर?
पंजाब की 4 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ी सफलता मिली है। AAP ने 3 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को केवल एक ही सीट से संतोष करना पड़ा है।
AAP ने डेरा बाबा नानक, छब्बेवाल और गिद्देरबाहा, जबकि कांग्रेस ने बरनाला सीट जीत ली है।
पहले इन 4 में से 3 सीट कांग्रेस के पास थी। यानी यहां AAP ने कांग्रेस को नुकसान पहुंचाया है।
चुनाव परिणाम
क्या है पंजाब की 3 सीटों का हाल
डेरा बाबा नानक सीट पर AAP के गुरधीप सिंह रंधावा ने 5,699 वोटों से कांग्रेस की जतिंदर कौर रंधावा को हरा दिया है।
छब्बेवाल में AAP के उम्मीदवार डॉक्टर इशांक कुमार ने 28,690 वोटों से कांग्रेस के रनजीत कुमार को हराया है।
गिद्देरबाहा में AAP के उम्मीदवार हरदीप सिंह डिम्पी ढिल्लों ने कांग्रेस की अमृता वारिंग पर 21,969 वोटों से जीत दर्ज की है।
बरनाला में कांग्रेस के कुलदीप सिंह ढिल्लों ने AAP के हरिंदर सिंह धालीवाल को हराया है।
टक्कर
बरनाला में रोमांचक रहा मुकाबला
बरनाला विधानसभा सीट पर AAP और कांग्रेस के बीच कई राउंड तक कड़ी टक्कर रही।
यहां से AAP को गुरदीप बाठ की बगावत का खामियाजा भुगतना पड़ा। बाठ ने टिकट न मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ा। उन्हें 16,899 वोट मिले, जबकि AAP उम्मीदवार की हार का अंतर 2,157 वोटों का रहा।
इसी बगावत का फायदा कांग्रेस को हुआ और वो सीट निकाल ले गई।
भाजपा यहां तीसरे स्थान पर रही।