LOADING...
क्या अमित शाह को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी? प्रधानमंत्री मोदी की सराहना से लगने लगे कयास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NDA संसदीय दल की बैठक में अमित शाह की सराहना की

क्या अमित शाह को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी? प्रधानमंत्री मोदी की सराहना से लगने लगे कयास

लेखन गजेंद्र
Aug 06, 2025
11:59 am

क्या है खबर?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश में सबसे लंबे समय तक गृह मंत्री के पद पर बने रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी सराहना की है। मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की बैठक के दौरान मोदी ने शाह के लिए कहा कि यह तो शुरूआत है, अभी और आगे जाना है। मोदी की इस सराहना से 60 वर्षीय सांसद शाह के लिए चर्चा का बाजार गर्म हो गया है।

मामला

क्या है मामला?

'ऑपरेशन सिंदूर' और 'ऑपरेशन महादेव' की सफलता पर मंगलवार को NDA संसदीय दल की बैठक संसद के पुस्तकालय भवन में हुई थी। हिंदुस्तान टाइम्स ने बैठक में शामिल एक व्यक्ति के हवाले से बताया कि मोदी ने सांसदों को संबोधित करते हुए शाह का जिक्र किया और कहा कि उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी के कार्यकाल को पीछे छोड़ दिया है और सबसे लंबे समय तक गृह मंत्री बने हैं। मोदी ने कहा, "यह तो अभी शुरुआत है...अभी और आगे जाना है।"

कयास

मोदी की सराहना के पीछे क्या है मायने?

प्रधानमंत्री मोदी 75 की उम्र पर पहुंच गए हैं और पिछले दिनों राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा था कि 75 वर्ष के बाद लोगों को आराम करना चाहिए। इसके देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि मोदी 2029 का चुनाव नहीं लड़ेंगे। ऐसे में उनके बाद कौन आगे आएगा, इसको लेकर पार्टी ने किसी का नाम तय नहीं किया है। हालांकि, मोदी की इस सराहना से पार्टी पदानुक्रम में स्पष्टता का संकेत मिलता है।

संबंध

मोदी और शाह के कैसे हैं संबंध?

प्रधानमंत्री मोदी और शाह के संबंध 1982 से हैं। शाह मोदी के काफी विश्वासपात्र हैं। गुजरात में भी मोदी के मुख्यमंत्री रहते शाह गृह मंत्री थे। वर्ष 2014 में भाजपा ने शाह को उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारी दी थी और इसका असर दिखा। पार्टी ने राज्य की 80 में 71 सीटें जीतीं। इसके बाद शाह राजनाथ सिंह की जगह पार्टी के अध्यक्ष बने। उनको 2019 में गांधीनगर लोकसभा सीट जीतने पर केंद्रीय गृह मंत्री बनाया गया।

क्षमता

शाह की क्षमता का लोहा मानते हैं मोदी

मोदी शाह की क्षमता का लोहा मानते हैं। इसलिए उन्होंने NDA बैठक में विश्वास जताया कि मार्च 2026 तक नक्सलवाद देश से खत्म हो जाएगा। शाह ने 2017 में संगठनात्मक कौशल और चुनावी योजना से भाजपा को उत्तर प्रदेश में 14 साल बाद सत्ता वापस लौटाई और पार्टी का विस्तार किया। उन्होंने न केवल जम्मू-कश्मीर से 2019 में अनुच्छेद-370 को निरस्त कराया बल्कि पूर्वोत्तर भारत में भाजपा की ताकत बढ़ाई। शाह हर मोर्चे पर मोदी सरकार को संभालते दिखते हैं।

कार्यकाल

शाह ने आडवाणी और पंत का तोड़ा है रिकॉर्ड

लालकृष्ण आडवाणी ने मार्च 1998 से मई 2004 तक गृह मंत्री के रूप में कार्य किया है और इस पद पर सबसे लंबे समय तक 6 साल 64 दिन तक बने रहे थे। उनके बाद दूसरे नंबर पर स्वतंत्रता सेनानी गोविंद वल्लभ पंत थे, जिन्होंने 1955 से लेकर 1961 तक 6 साल 56 दिन इस पद पर कार्य किया। भारत के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल सिर्फ 3 साल 119 दिन इस पद पर रहे थे।

पसंद

मोदी के बाद कौन होगा भाजपा से प्रधानमंत्री उम्मीदवार?

मोदी के बाद भाजपा में प्रधानमंत्री के अगले दावेदार के रूप में शाह मजबूत माने जाते हैं। वे 14 वर्ष की उम्र के RSS से जुड़े हैं और कुशल निर्णय क्षमता वाले हैं। उनके बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम है, लेकिन RSS से न होने, कट्टर हिंदुत्व छवि और आक्रामक शैली उनको नुकसान पहुंचाती है। एक सर्वेक्षण में शाह को 25, योगी को 19 और नितिन गडकरी को 15 प्रतिशत ने संभावित प्रधानमंत्री उम्मीदवार माना है।