
प्रधानमंत्री की आज 3 राज्यों में रैलियां, मध्य प्रदेश में करेंगे भाजपा के प्रचार की शुरुआत
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 3 राज्यों में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। उनकी पहली रैली सुबह 11 बजे बिहार के नवादा में है।
नवादा समेत बिहार की 4 लोकसभा सीटों पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। गुरुवार को जमुई के बाद बिहार में प्रधानमंत्री की यह दूसरी रैली है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में भाजपा-NDA की लहर है।
प्रधानमंत्री मोदी की रैली के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी नवादा में एक रोड शो करेंगे।
रैली
पश्चिम बंगाल में दूसरी रैली
बिहार के बाद प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल जाएंगे, जहां वो जलपाईगुड़ी में लोगों को संबोधित करेंगे।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा कि बंगाल में भाजपा को भारी जनसमर्थन मिल रहा है। लोग तृणमूल कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार और कुशासन से थक चुके हैं। केवल भाजपा उनके सपने पूरा कर सकती है।
बता दें कि भाजपा लगातार बंगाल में अपनी उपस्थिति मजबूत करने में जुटी हुई है और उसे तृणमूल कांग्रेस से भारी टक्कर मिल रही है।
आयोजन
मध्य प्रदेश में करेंगे भाजपा के चुनाव प्रचार का शंखनाद
चुनावों की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री मोदी पहली बार मध्य प्रदेश जा रहे हैं। वो आज शाम को जबलपुर लोकसभा क्षेत्र के गोरखपुर में एक रोड शो कर राज्य में भाजपा के चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे।
मोदी का रोड शो करीब 1,200 मीटर का होगा और यह शहीद भगत सिंह क्रॉसिंग से शुरू होकर आदि शंकराचार्य क्रॉसिंग तक जाएगा।
बता दें कि पिछले साल हुए मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी प्रचंड मिला था।