LOADING...
लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज, विपक्ष की नारेबाजी

लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज, विपक्ष की नारेबाजी

लेखन गजेंद्र
Mar 11, 2026
06:37 pm

क्या है खबर?

संसद के बजट सत्र में लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को खारिज कर दिया गया है। स्पीकर की कुर्सी पर बैठे पीठासीन जगदंबिका पाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संबोधन के बाद इस पर मतदान कराया और अविश्वास प्रस्ताव को बहुमत के आधार पर खारिज कर दिया। इस दौरान विपक्षी सांसद नारेबाजी करते रहे और शाह से माफी मांगने की मांग की। सभा की कार्यवाही गुरुवार तक स्थगित कर दी गई।

अविश्वास प्रस्ताव

स्पीकर के निष्पक्ष रवैये के खिलाफ लाया गथा प्रस्ताव

लोकसभा में स्पीकर के ऊपर निष्पक्ष रवैये का आरोप लगाते हुए विपक्षी सांसदों ने प्रस्ताव पेश किया था। इस पर 188 सांसदों ने हस्ताक्षर किए थे। मंगलवार को कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने प्रस्ताव को पटल पर रखते हुए कहा कि स्पीकर के व्यवहार को देखते हुए महसूस होता है कि उन्होंने सदन के सभी वर्गों का विश्वास खो दिया है। प्रस्ताव पर बहस के लिए 10 घंटे का समय तय किया गया था।

नाराजगी

अमित शाह के भाषण पर नाराजगी

मंगलवार को प्रस्ताव पर बहस शुरू हुई थी, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्षी सांसदों ने स्पीकर पर आरोप को लेकर अपने-अपने दावे पेश किए। बुधवार को अमित शाह को सरकार की ओर से प्रस्ताव पर जवाब देना था। उन्होंने सदन में बोलते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कभी आंख मटकाते हैं और कभी प्रधानमंत्री को उनकी सीट पर गले लगाते हैं। इस बयान पर विपक्षी सांसदों ने खूब शोर मचाया और माफी मांगने की मांग की।

Advertisement