Page Loader
राष्ट्रपति पर सोनिया गांधी की टिप्पणी को लेकर बढ़ा विवाद, प्रधानमंत्री बोले- कांग्रेस ने अपमान किया 
राष्ट्रपति पर सोनिया गांधी की टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है

राष्ट्रपति पर सोनिया गांधी की टिप्पणी को लेकर बढ़ा विवाद, प्रधानमंत्री बोले- कांग्रेस ने अपमान किया 

लेखन आबिद खान
Jan 31, 2025
06:37 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। सोनिया ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर टिप्पणी करते हुए उन्हें 'पुअर लेडी' कहा था। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बयान को अपमानित करने वाला बताया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सोनिया की टिप्पणी एक ऐसे राष्ट्रपति का 'अपमान' है, जो आदिवासी समुदाय से आते हैं। प्रधानमंत्री ने दिल्ली में एक रैली में ये बातें कहीं।

बयान

प्रधानमंत्री बोले- कांग्रेस का शाही परिवार राष्ट्रपति का अपमान कर रहा

प्रधानमंत्री ने कहा, "आज राष्ट्रपति ने संसद को संबोधित किया। वो उड़ीसा के गरीब परिवार से निकलकर यहां तक पहुंची हैं। उनकी मातृभाषा हिंदी नहीं हैं, वह उड़िया में पली-बढ़ी हैं। उन्होंने आज बेहतरीन तरीके से संसद को संबोधित किया, लेकिन कांग्रेस का शाही परिवार उनके अपमान पर उतर आया है। शाही परिवार के एक सदस्य ने कहा कि राष्ट्रपति ने बोरिंग भाषण दिया। एक सदस्य तो और आगे निकल गईं और राष्ट्रपति को पुअर लेडी बताया।"

अपमान

कांग्रेस ने हर आदिवासी का अपमान किया- प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री ने कहा, "एक आदिवासी बेटी का बोलना कांग्रेस को बोरिंग लगता है। ये देश के 10 करोड़ आदिवासी भाई-बहनों का अपमान है। ये देश के हर आदिवासी भाई-बहन का अपमान है। कांग्रेस गरीब, दलित आदिवासी लोग जो भी आगे बढ़ते हैं, उन्हें ये कदम-कदम पर अपमानित करते हैं। लोगों को गाली देना, विदेशों में भारत को बदनाम करना और अर्बन नक्सलियों की बातें करना इनको ज्यादा अच्छा लगता है।"

जेपी नड्डा

जेपी नड्डा ने की माफी की मांग

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, 'श्रीमती सोनिया गांधी द्वारा राष्ट्रपति के लिए बेचारा शब्द का इस्तेमाल करना बहुत अपमानजनक है और यह सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा के प्रति विपक्ष की निरंतर उपेक्षा को दर्शाता है। जब राष्ट्रपति सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाल रहे थे, तब विपक्ष ने अपनी सामंती मानसिकता से प्रेरित होकर पिछड़े वर्गों और महिलाओं के सशक्तिकरण का मजाक उड़ाना चुना।' नड्डा ने कांग्रेस से माफी की मांग की।

सोनिया गांधी

सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति पर क्या टिप्पणी की थी?

बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के संयुक्त सदन को संबोधित किया। उन्होंने करीब एक घंटे के संबोधन में सरकार की उपलब्धियों पर बात की। राष्ट्रपति के संबोधन के बाद सोनिया, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ सदन से बाहर निकली थीं। जब उनसे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर प्रतिक्रिया मांगी तो सोनिया ने कहा, "पुअर लेडी... राष्ट्रपति अभिभाषण के आखिर में बहुत थक गई थीं और बहुत मुश्किल से बोल पा रही थीं।"