Page Loader
संसद मानसून सत्र से पहले प्रधानमंत्री मोदी बोले- 'ऑपरेशन सिंदूर' में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद सत्र शुरू होने से पहले अपनी बात कही (तस्वीर: एक्स/@BJP4India)

संसद मानसून सत्र से पहले प्रधानमंत्री मोदी बोले- 'ऑपरेशन सिंदूर' में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया

लेखन गजेंद्र
Jul 21, 2025
10:58 am

क्या है खबर?

संसद का मानसून सत्र शुरू होने से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद परिसर में मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, "मैं कामना करता हूं कि संसद का मानसून सत्र सार्थक हो और इसमें समृद्ध चर्चाएं हों, जो हमारे लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।" उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र किया और कहा कि भारत ने इस ऑपरेशन के दौरान अपना 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। उन्होंने 'मेक इन इंडिया' का भी जिक्र किया।

संबोधन

भारत-पाकिस्तान तनाव पर क्या बोले मोदी?

मोदी ने कहा, "ये मानसून सत्र एक विजयोत्सव है। पूरी दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति का, सैन्य सामर्थ का रूप देखा है। ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने जो लक्ष्य निर्धारित किया था, 100 प्रतिशत हासिल किया है। आतंकियों के आकाओं के घर में घुसकर 22 मिनट के भीतर उसे जमींदोज कर दिया। हमारी सैन्य शक्ति ने इसे सिद्ध करके दिखाया। इसमें मेड इन इंडिया सैन्य शक्ति के नए स्वरूप पर दुनिया आकर्षित हुई है।"

नक्सलवाद

नक्सलवाद पर क्या बोले मोदी?

मोदी बोले, "देश लंबे समय तक हिंसक वारदातों का शिकार रहा है। आजादी हम आतंकवाद और नक्सलवाद की समस्या को हम झेल रहे हैं, लेकिन आज नक्सलवाद और माओवाद का दायरा तेजी से सिकुड़ रहा है। मैं गर्व से कह सकता हूं कि सैंकड़ों जिले नक्सल की चपेट से निकलकर मुक्ति की सांस ले रहे हैं। बम-बंदूक और पिस्तौल के सामने हमारा संविधान जीत रहा है। जो कल तक रेड कॉरिडोर थे, वे ग्रीन ग्रोथ कॉरिडोर में बदलत रहे हैं।"

बयान

मानसून राष्ट्र के लिए विजयोत्सव का रूप- मोदी

मोदी बोले, "ये मानसून सत्र राष्ट्र के लिए बहुत ही गौरवपूर्ण सत्र है। ये मानसून राष्ट्र के लिए विजयोत्सव का रूप है। पहली बार अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर भारत का तिरंगा का लहराना देशवासी के लिए गौरव का पल है।" उन्होंने मेक इन इंडिया को लेकर कहा, "जब सदन विजयोत्सव को एक स्वर में ओजस्वी-तेजस्वी भावनाओं को प्रकट करेगा, तो सैन्य क्षेत्र में रिसर्च, नवाचार, मैन्युफैक्चरिंग और मेड इन इंडिया डिफेंस इक्विपमेंट बन रहे हैं, उसे भी बल मिलेगा।"

संबोधन

विपक्षी दलों से मन मिलाने की अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत-पाकिस्तान तनाव के समय पूरी दुनिया ने भारत की एकजुटता को देखा है और भारत से विभिन्न दलों के प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान की वास्तविकता पूरी दुनिया के सामने रखी है। उन्होंने कहा कि इस बार संसद सत्र में भले ही राजनीतिक दलों के मत मिले या न मिले, लेकिन मन जरूर मिलना चाहिए। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि सत्र में सेना का साहस बढ़ाने पर चर्चा होनी चाहिए।

ट्विटर पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन