नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार JDU में हुए शामिल, संजय झा ने दिलाई सदस्यता
क्या है खबर?
बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच उनके बेटे निशांत कुमार रविवार को पटना में आधिकारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड (JDU) में शामिल हो गए हैं। पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें सदस्यता दिलाई। इस दौरान पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें ललन सिंह, विजय चौधरी श्रवण कुमार प्रमुख हैं।
बयान
सदस्यता ग्रहण करने के बाद क्या बोले निशांत?
JDU में शामिल होने के बाद निशांत ने कहा, "आप सब कीमती समय निकालकर यहां आए। मैं आपका स्वागत और नमन करता हूं। मैं एक सक्रिय सदस्य के रूप में पार्टी का ख्याल रखने की कोशिश करूंगा। मेरे पिताजी ने राज्यसभा जाने का निर्णय लिया है। मैं उसे स्वीकार करता हूं। हम सब मेरे पिता के मार्गदर्शन में काम करेंगे।" उन्होंने कहा, "पार्टी और जनता ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, मैं उस पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
VIDEO | Patna, Bihar: CM Nitish Kumar's son Nishant Kumar officially joins the JD(U) in presence of party MPs Sanjay Jha and Rajiv Ranjan (Lalan) Singh, and other party leaders and workers.
— Press Trust of India (@PTI_News) March 8, 2026
(Full video available on https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/bAFiwcTL6p
मजबूती
निशांत ने दिया पार्टी की मजबूती पर जोर
निशांत ने कहा, "एक पार्टी कार्यकर्ता के रूप में मैं पार्टी को मजबूत करने की कोशिश करूंगा। पापा ने जो 20 साल में किया, उसे जन-जन में पहुंचाने की कोशिश करूंगा और जनता के दिल में अपनी जगह बनाने की कोशिश करूंगा।" उन्होंने कहा, "मेरे पिताजी ने जो 20 साल में किया है, वह सबको याद रहेगा। पूरे देश और प्रदेश को मेरे पिता नीतीश कुमार पर गर्व है। आप सब मेरे पिताजी नीतीश कुमार पर अपना विश्वास बनाए रखें।"
जानकारी
नीतीश ने बनाई समारोह से दूरी
निशांत के सदस्यता ग्रहण समारोह में जहां JDU के सभी बड़े नेता मौजूद रहे, वहीं पार्टी संयोजक के रूप में खुद नीतीश ने इस कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। ऐसे में इस बात की सियासत में काफी चर्चा हो रही है।
संभावना
निशांत की बनाया जा सकता है उपमुख्यमंत्री
निशांत के इस राजनीतिक प्रवेश को नीतीश की विरासत संभालने के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी के भीतर उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग पहले ही उठ चुकी है, हालांकि सूत्रों का दावा है कि उन्हें शुरुआत में उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद दिए जा सकते हैं। सत्ता परिवर्तन के इस दौर में निशांत का सक्रिय राजनीति में आना न केवल JDU के भविष्य को नई दिशा देगा, बल्कि आगामी राजनीतिक समीकरणों को भी बदल सकता है।
शिक्षा
कहां तक पढ़े-लिखे हैं निशांत?
शांत स्वभाव के धनी निशांत शतरंज के खेल में विशेष रुचि रखते हैं और इस खेल के एक बेहतरीन खिलाड़ी माने जाते हैं। रांची के मेसरा स्थित बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (BIT) में पढ़ाई के दौरान भी उनका झुकाव आउटडोर खेलों की तुलना में इनडोर खेलों की ओर अधिक रहा, जहां वे अपने करीबी दोस्तों के साथ घंटों शतरंज की बिसात पर दिमागी कसरत करना पसंद करते थे। JDU में उनकी सक्रियता ने कार्यकर्ताओं में एक नया जोश भर दिया है।
योजना
बिहार की यात्रा करेंगे निशांत
JDU नेता नीरज कुमार ने बताया कि पार्टी में शामिल होने के तुरंत बाद निशांत बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के व्यापक दौरे पर निकलेंगे, जिसका उद्देश्य सीधे जनता से संवाद स्थापित करना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करना है। इससे पहले शनिवार को संजय झा के आवास पर हुई महत्वपूर्ण बैठक में भी निशांत ने नितिश के साथ भागीदारी निभाई थी। इस बैठक को निशांत की औपचारिक सक्रियता के संकेत के रूप में देखा गया है।
निर्णय
6 मार्च को हुआ था निशांत के JDU में शामिल होने का निर्णय
बता दें कि निशांत के JDU में शामिल होने का निर्णय 6 मार्च को हुई पार्टी की एक उच्च स्तरीय बैठक में हुआ था। उस बैठक में निशांत ने लगभग 24 विधायकों के साथ मुलाकात की थी। बैठक में परिवहन मंत्री श्रवण कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता और युवा विधायक शामिल हुए। दरअसल, नीतीश ने राज्यसभा जाने का निर्णय किया है। ऐसे में अब बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री देखने को मिलेगा और निशांत राज्य में JDU का नेतृत्व करेंगे।