नीतीश कुमार को बनाया जा सकता है विपक्षी गठबंधन INDIA का संयोजक- रिपोर्ट
विपक्षी गठबंधन INDIA को जल्द ही संयोजक मिल सकता है। चर्चाएं हैं कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गठबंधन का संयोजक बनाया जा सकता है। इस संबंध में कांग्रेस ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव से चर्चा की है। खबर है कि इसी हफ्ते एक वर्चुअल बैठक में नीतीश को संयोजक बनाने की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
शरद पवार और उद्धव ठाकरे से भी हुई बात
कांग्रेस ने इस संबंध में राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता शरद पवार और शिवसेना (UBT) के प्रमुख उद्धव ठाकरे से भी बात कर ली है। दक्षिण भारतीय और वाम पार्टियों से भी सहमति ले ली गई है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी (AAP) नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी नीतीश को संयोजक बनाए जाने का समर्थन किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को INDIA का अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है।
चल रही थीं गठबंधन से नीतीश की नाराजगी की अटकलें
गठबंधन की आखिरी बैठक में ममता बनर्जी ने खड़गे को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने का प्रस्ताव रख दिया था। अटकलें थीं कि नीतीश इससे नाराज हो गए थे। नीतीश के भाजपा के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में वापस जाने की जाने की अटकलें भी आई थीं। इन अटकलों के बीच राहुल गांधी ने नीतीश से फोन पर बात की थी। अब पूरे घटनाक्रम से सचेत होकर कांग्रेस ने खुद नीतीश को संयोजक बनाने की पहल की है।
INDIA के सूत्रधार रहे हैं नीतीश
बता दें कि नीतीश ने ही सबसे पहले भाजपा के खिलाफ संयुक्त विपक्ष का प्रस्ताव पेश किया था। इस संबंध में उन्होंने कई समान विचारों वाली पार्टियों के नेताओं से मुलाकात की थी। नीतीश के गृह राज्य बिहार के पटना में ही गठबंधन की पहली बैठक हुई थी। तब भी चर्चाएं थीं कि नीतीश को संयोजक बनाया जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। संयोजक का पद अहम है क्योंकि बहुमत आने पर संयोजक प्रधानमंत्री बनने का प्रबल दावेदार होगा।
नीतीश को संयोजक बनाए जाने की खबरों पर क्या बोले नेता?
RJD के प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि RJD चाहती है कि नीतीश संयोजक बनें। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रवक्ता केसी त्यागी ने भी कहा कि वे ऐसे किसी भी कदम का स्वागत करेंगे। भाजपा नेता सुशील मोदी ने कहा कि INDIA में संयोजक का पद मुंशी जैसा है और इसे पाने के लिए नीतीश भाजपा के साथ जाने का डर दिखाकर सौदेबाजी कर रहे हैं।
न्यूजबाइट्स प्लस
नीतीश का जन्म 1 मार्च, 1951 को बख्तियारपुर बिहार में हुआ था। उनके पिता एक आयुर्वेदिक चिकित्सक थे। नीतीश ने बिहार इंजीनियरिंग कॉलेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। राजनीति में आने से पहले वह बिहार विद्युत बोर्ड से जुड़े थे। 1985 में नीतीश ने अपना पहला विधानसभा चुनाव जीता था। फिलहाल वे 8वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद का जिम्मा संभाल रहे हैं और इस पद पर सबसे लंबे समय तक रहने वाले व्यक्ति हैं।