Page Loader
हरियाणा: नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, मंत्रिमंडल से साधा जतीय समीकरण
हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में नायब सिंह सैनी ने शपथ ली

हरियाणा: नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, मंत्रिमंडल से साधा जतीय समीकरण

लेखन गजेंद्र
Oct 17, 2024
01:28 pm

क्या है खबर?

हरियाणा के विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक सीटें जीतकर तीसरी बार सरकार बनाने जा रही भाजपा की ओर से नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनको राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन पंचकूला के दशहरा मैदान में किया गया था। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सैनी और अनिल विज समेत कुल 14 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है।

समीकरण

मंत्रिमंडल से साधा जातीय समीकरण

सैनी के साथ 14 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, जिससे मंत्रिमंडल में जातीय समीकरण को साधने की कवायद दिखी है। शपथ लेने वालों में अनिल विज, कृष्णलाल पंवार, राव नरबीर, महिपाल ढांडा, विपुल गोयल, अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा, कृष्ण बेदी, श्रुति चौधरी, आरती राव, राजेश नागर और गौरव गौतम शामिल हैं। मंत्रिमंडल में सैनी समेत 5 पिछड़ा वर्ग से, 2 दलित, 2 जाट, 2 ब्राह्मण, 1 वैश्य, 1 ठाकुर और 1 पंजाबी समुदाय से हैं।

शपथ

समारोह में NDA की दिखी ताकत

सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी भी नजर आए। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, महाराष्ट्र से एकनाथ शिंदे भी कार्यक्रम में पहुंचे थे। पंचकूला हवाई अड्डे पर मेहमानों का स्वागत गीत-संगीत से किया गया। सैनी शपथ लेने से पहले पंचकूला में महर्षि वाल्मिकी के मंदिर भी गए थे।

ट्विटर पोस्ट

शपथ ग्रहण समारोह से पहले बोले सैनी

चुनाव

हरियाणा चुनाव में भाजपा ने मारी हैट्रिक

हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की है, वहीं कांग्रेस ने कुल 37 सीटें जीती हैं। भाजपा के पास अब 51 विधायक हो गए हैं। यह भाजपा की लगातार तीसरी जीत है। इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) को 2 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 2 सीटें मिली हैं। जननायक जनता पार्टी बुरी तरह हारी है। पिछले विधानसभा चुनाव में उसके पास 10 विधायक थे। आम आदमी पार्टी का प्रदेश में खाता नहीं खुल सका।