
नरेंद्र मोदी ने तोड़ा रिकॉर्ड, दूसरे सबसे लंबे समय तक रहने वाले भारतीय प्रधानमंत्री बने
क्या है खबर?
वर्ष 2014 से सत्ता पर काबिज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने नाम एक रिकॉर्ड किया है। वह देश में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने वाले दूसरे व्यक्ति बने हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को अपने कार्यकाल के 4,078 दिन पूरे किए हैं, जिसने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ दिया है। इंदिरा गांधी ने 24 जनवरी, 1966 से 24 मार्च, 1977 तक लगातार 4,077 दिनों तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया था।
रिकॉर्ड
जवाहरलाल नेहरू पहले स्थान पर
देश में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठने वाले व्यक्तियों में पहला स्थान प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का है। उन्होंने 15 अगस्त, 1947 से 27 मई, 1964 तक लगातार 6,130 दिन यानी 16 साल 9 महीने तक कार्य किया। वे मृत्यु तक इस पद पर रहे थे। दूसरे स्थान पर इंदिरा थीं, जो अब तीसरे स्थान पर हैं। चौथे स्थान पर मनमोहन सिंह हैं, जो 22 मई, 2004 से 26 मई, 2014 तक 3,657 दिन प्रधानमंत्री रहे।
तमगा
मोदी ने ये रिकॉर्ड भी अपने नाम किए
मोदी आजाद भारत में जन्में पहले और एकमात्र लंबे समय तक सेवा देने वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी बने हैं। उन्होंने अपने 2 कार्यकाल पूरे किए हैं और दो बार बहुमत के साथ निर्वाचित हुए हैं। लोकसभा में अपने दम पर बहुमत हासिल करने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी हैं। उन्होंने नेहरू की तरह लगातार एक ही निर्वाचन क्षेत्र से 3 बार लोकसभा चुनाव जीता है। नेहरू इलाहाबाद के फूलपूर से लड़ते रहे, जबकि मोदी वाराणसी से जीतकर पहुंच रहे हैं।