देश में 4 राज्यों की 28 सीटों पर हुए MLC चुनाव में किसका पलड़ा रहा भारी?
क्या है खबर?
देश के 4 राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में हुए विधान परिषद सदस्य (MLC) चुनावों का अंतिम परिणाम सामने आ चुका है। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की कुल 28 सीटों पर 23 अक्टूबर को बैलेट पेपर से मतदान हुआ था, जिसके परिणाम 27 अक्टूबर से आना शुरू हुए थे। चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 16 सीटें, जबकि विपक्षी INDIA गठबंधन ने 9 सीटें जीती हैं। अलग-अलग राज्यों कैसा परिणाम रहा? आइए, जानते हैं।
चुनाव
क्या है स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का MLC चुनाव?
देश के 6 राज्यों में विधान परिषद हैं। इसमें सदस्य आम जनता नहीं चुनती। कुछ को विधायक, कुछ को निकाय प्रतिनिधि, कुछ को शिक्षक-स्नातक, जबकि कुछ को राज्यपाल मनोनीत करते हैं।
संविधान के अनुच्छेद-171 के तहत इसी में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तहत चुनाव होते हैं, जिसे जीतने वाले को विधान परिषद सदस्य (MLC) कहते हैं।
सदस्य 6 साल के लिए चुने जाते हैं, लेकिन हर 2 साल में लगभग एक-तिहाई सदस्य सेवानिवृत्त होने पर चुनाव होते हैं।
परिणाम
सभी 4 राज्यों में क्या रहा परिणाम?
उत्तर प्रदेश की 11 सीटों में भाजपा ने 6, समाजवादी पार्टी ने 5 सीटें जीती हैं।
बिहार की 8 सीटों में भाजपा ने 3, निर्दलीय 2, जनता दल यूनाइटेड (JDU), राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और जनसुराज पार्टी ने 1-1 सीट जीतीं।
महाराष्ट्र की 5 में कांग्रेस, भाजपा और शिवसेना (एकनाथ शिंदे) ने 1-1 और शरद पवार की NCP ने 2 सीट जीतीं।
कर्नाटक की 4 सीटों में भाजपा ने 3 और जनता दल सेक्युलर (JDS) ने एक सीट जीती हैं।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को बढ़त
उत्तर प्रदेश में मेरठ और आगरा स्नातक भाजपा ने जीती है। इलाहाबाद-झांसी, वाराणसी और लखनऊ स्नातक समाजवादी पार्टी (SP) ने जीती है।
लखनऊ, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट भाजपा ने जीती है। वाराणसी और आगरा-अलीगढ़ शिक्षक सीट SP ने जीती है।
इस बार के चुनाव में SP को 2 सीटों की बढ़त मिली है। उसके पास 2020 में 3 सीटें थीं। भाजपा ने अपनी 6 सीटें बरकरार रखी है। निर्दलीय की 2 सीटें SP को मिली हैं।
बिहार
बिहार में जनसुराज पार्टी का खुला खाता
बिहार में कोसी, दरभंगा स्नातक भाजपा ने और पटना स्नातक JDU ने जीती है। तिरहुत स्नातक सीट निर्दलीय, जबकि तिरहुत शिक्षक सीट भाजपा के पास गई।
दरभंगा शिक्षक सीट जनसुराज और पटना शिक्षक सीट RJD के पास गई। सारण शिक्षक सीट निर्दलीय ने जीती।
भाजपा ने अपनी 3 और JDU ने पटना स्नातक सीट बरकरार रखी है। इस बार RJD ने भाजपा से पटना शिक्षक सीट छीन ली, जबकि जनसुराज ने अपना खाता खोला है। मौजूदा 5 MLC हारे हैं।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में कांग्रेस ने RSS के गढ़ में दूसरी बार विजय पाई
महाराष्ट्र में नागपुर स्नातक कांग्रेस, छत्रपति संभाजीनगर और पुणे स्नातक सीट शरद पवार की NCP ने जीती है। पुणे शिक्षक भाजपा और अमरावती शिक्षक सीट शिवेसना के पास गई।
इस बार भाजपा और शिवसेना (शिंदे) ने 2 सीटों पर बढ़त बनाई है, जबकि पिछली बार ये सीटें कांग्रेस और निर्दलीय के पास थीं।
NCP अविभाजित ने जो सीटें जीती थीं, उन पर शरद गुट को फायदा मिला।
कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) गढ़ नागपुर में दूसरी बार परचम लहराया।
कर्नाटक
कर्नाटक में कांग्रेस ने गंवाई सभी सीटें
कर्नाटक में उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट भाजपा और बेंगलुरु शिक्षक सीट JDS ने जीती। दक्षिण-पूर्व स्नातक और पश्चिम स्नातक सीट भाजपा के पास गई।
एक तरफ बेंगलुरु में कांग्रेस के 5 बार के MLC पुट्टन्ना JDS से हारे, जबकि उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट पर 5 बार के MLC भाजपा के शशिल जी. नमोशी ने कांग्रेस को हराया।
कांग्रेस ने इस बार एक सीट नहीं जीती और अपनी बेंगलुरु सीट भी JDS के हाथों गंवाई और भाजपा ने अपनी तीनों सीट बरकरार रखी।