Page Loader
ममता बनर्जी ने भाजपा में शामिल हुए पूर्व न्यायाधीश को घेरा, चुनाव लड़ने की चुनौती दी
ममता बनर्जी ने हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश को चुनौती दी

ममता बनर्जी ने भाजपा में शामिल हुए पूर्व न्यायाधीश को घेरा, चुनाव लड़ने की चुनौती दी

लेखन गजेंद्र
Mar 07, 2024
05:59 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा में शामिल हुए कलकत्ता हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अभिजीत गांगुली को 'भाजपा का बाबू' कहते हुए चुनाव लड़ने की चुनौती दी। कोलकाता में महिला रैली को संबोधित करते हुए ममता ने कहा, "भाजपा का एक बाबू बेंच पर बैठा था और अब वह भाजपा में शामिल हो गया है। आप उनसे न्याय की उम्मीद कैसे कर सकते हैं? मुखौटा उतर चुका है।" रैली में संदेशखाली की महिलाएं भी शामिल हुईं।

निशाना

आगे क्या बोलीं ममता?

ममता ने गांगुली को निशाने पर लेते हुए कहा, "हजारों छात्रों को नौकरी देने से इनकार करने के बाद वह नेता बन गए हैं। तैयार रहें। आप जहां से भी चुनाव लड़ेंगे, मैं आपसे लड़ने के लिए छात्रों को भेजूंगी। लोग अब आपका मूल्यांकन करेंगे। उनके पास 5 लाख नौकरियां हैं, लेकिन ये खतरनाक सांप लोगों को नौकरियों से वंचित कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि वह अन्याय पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने से नहीं चूकेंगी।

कार्यकर्ता

एक दिन पहले भाजपा में शामिल हुए हैं पूर्व न्यायाधीश गांगुली

कलकत्ता हाई कोर्ट के न्यायाधीश के पद से इस्तीफा देकर गांगुली एक दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा था कि वह मैं एक नए क्षेत्र में आए हैं और भाजपा में शामिल होकर खुश हैं। उन्होंने कहा था कि वह पार्टी के सिपाही के रूप में काम करेंगे और उनका उद्देश्य राज्य से भ्रष्ट TMC के शासन को बाहर करना है। उनके भाजपा में शामिल होने के बाद उनके फैसलों पर सवाल उठ रहे हैं।