LOADING...
ममता बनर्जी का आरोप- मतगणना केंद्र में मुझे पीटा गया, एजेंट को जबरन बाहर निकाला
ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर कई आरोप लगाए हैं

ममता बनर्जी का आरोप- मतगणना केंद्र में मुझे पीटा गया, एजेंट को जबरन बाहर निकाला

लेखन आबिद खान
May 05, 2026
10:23 am

क्या है खबर?

तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट से हार के बाद चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए हैं। TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने ममता के साथ फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग अपने सोशल मीडिया पर साझा की है, जिसमें ममता ने ये बातें कही हैं। इस दौरान ममता ने भवानीपुर में हार को 'चोरी का फैसला' और चुनाव आयोग द्वारा किया गया 'अनैतिक गंदा खेल' बताया।

बातचीत

ममता बोलीं- मतगणना केंद्र में 'गुंडे' घुसे

ममता ने दावा किया कि मतगणना के 16वें राउंड तक वे भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से आगे चल रही थीं। उन्होंने कहा, "बचे हुए राउंड भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में थे, जो पूरी तरह से हमारा इलाका था। उसी समय कुछ गुंडे चुनाव आयोग के अधिकारियों के साथ केंद्र में घुस आए। उन्होंने मुझे पीटा और CRPF की मदद से मेरे एजेंटों को बाहर फेंक दिया।" उन्होंने आरोप लगाया कि मतगणना केंद्रों में घुसकर 'गुंडों' ने चुनाव प्रक्रिया को बाधित किया।

आरोप

ममता ने ये आरोप भी लगाए

उन्होंने चुनाव आयोग, CRPF और चुनाव अधिकारियों पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अंतिम दौर में उनकी पार्टी का कोई प्रतिनिधि मतगणना कक्ष में मौजूद नहीं था और दावा किया कि EVM को बिना उचित सील किए ही सुरक्षित कक्षों में ले जाया गया। उन्होंने कहा, "मतदाताओं को पहले SIR के माध्यम से बाहर निकाला गया और फिर मतगणना केंद्रों में बिजली कटौती कर वोटों को जबरदस्ती चुरा लिया गया।"

Advertisement

बयान

मतगणना केंद्र से बाहर निकल ममता ने कहा था- ये अनैतिक जीत

बीते दिन ममता भवानीपुर के मतगणना केंद्र पहुंची थी। तब उन्होंने कहा था, "भाजपा ने 100 से ज्यादा सीटें लूट लीं। चुनाव आयोग भाजपा आयोग बन गया है। मैंने बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से भी शिकायत की, लेकिन वे कुछ नहीं कर रहे। यह एक अनैतिक जीत है। चुनाव आयोग ने केंद्रीय बलों, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के साथ मिलकर जो कुछ भी किया है वह पूरी तरह से गैर-कानूनी है। यह लूट है, लूट है, लूट है।

Advertisement

चुनाव

भवानीपुर से चुनाव हारीं ममता

ममता भवानीपुर से भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से चुनाव हार गई हैं। इस सीट से 3 बार विधायक रहीं ममता को सुवेंदु ने 15,000 से ज्यादा वोटों से हराया है। ये दूसरी बार है, जब सुवेंदु ने ममता को हराया है। इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में भी सुवेंदु ने नंदीग्राम से ममता को हराया था। इस चुनाव में सुवेंदु नंदीग्राम से भी मैदान में थे। उन्होंने वहां से भी जीत दर्ज की है।

Advertisement