मल्लिकार्जुन खड़गे ने असम चुनाव के लिए जारी किया कांग्रेस का घोषणापत्र, जानिए क्या-क्या वादे किए
क्या है खबर?
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को अगले महीने होने वाले असम विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इसमें कांग्रेस के सत्ता में आने पर महिलाओं के लिए नकद हस्तांतरण, स्वास्थ्य बीमा और भूमि अधिकार सहित 5 प्रमुख वादों को पूरा करने का प्रण लिया गया है। बता दें कि चुनाव आयोग की घोषणा के अनुसार, असम में 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा और 4 मई को मतगणना होगी।
घोषणा
खड़गे ने क्या की घोषणा?
नाओबोइचा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा, "अगर, कांग्रेस सत्ता में आती है तो सभी महिलाओं को अपने बैंक खातों में बिना शर्त मासिक नकद हस्तांतरण प्राप्त होगा। इसके साथ ही उन्हें अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए 50,000 रुपये भी दिए जाएंगे।" उन्होंने कहा, "हम इस नकद हस्तांतरण को बिना शर्त कह रहे हैं क्योंकि भाजपा द्वारा महिलाओं को सदस्यता लेने की शर्त रखी है, लेकिन हम ऐसी कोई शर्त नहीं लगाएंगे।"
बीमा
प्रत्येक परिवार को दिया जाएगा 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा- खड़गे
खड़गे ने कहा, "सत्ता में आने के बाद कांग्रेस प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये का गारंटीशुदा कैशलेस स्वास्थ्य बीमा भी प्रदान करेगी। इसी तरह 100 दिनों के भीतर दिवंगत जुबीन गर्ग को न्याय दिलाने का भी प्रयास किया जाएगा। हम इस अवधि के भीतर पता लगाएंगे कि उनकी हत्या किसने की और इस साजिश में क्या भूमिका थी।" बता दें कि गर्ग पिछले साल सितंबर में सिंगापुर में मौत हो गई थी, जिस पर हत्या का संदेह है।
वादा
आदिवासियों को दिए जाएंगे स्थायी पट्टे
खड़गे ने कहा, "हम मौजूदा सरकार की तरह सालाना भूमि पट्टा जारी करने के बजाय 10 लाख भूमिपुत्रों (आदिवासी निवासियों) को स्थायी पट्टा देंगे इससे लोगों को हर साल अपने रिकॉर्ड का नवीनीकरण नहीं कराना पड़ेगा। हमने कर्नाटक में ऐसा किया है, जहां हमने 6,80,000 लोगों को रिकॉर्ड दिए हैं।" उन्होंने सभी वरिष्ठ नागरिकों को हर महीने 1,250 रुपये देने का भी वादा किया और कहा कि इन्हें जरूर पूरा किया जाएगा।