LOADING...
महाराष्ट्र के खेल मंत्री मानिकराव ने क्यों दिया इस्तीफा, किस मामले में जारी हुआ गिरफ्तारी वारंट?
महाराष्ट्र के खेल मंत्री मानिकराव कोकाटे ने इस्तीफा दिया

महाराष्ट्र के खेल मंत्री मानिकराव ने क्यों दिया इस्तीफा, किस मामले में जारी हुआ गिरफ्तारी वारंट?

लेखन गजेंद्र
Dec 18, 2025
11:53 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के खेल मंत्री और उपमुख्यमंत्री अजित पवार गुट के विधायक मानिकराव कोकाटे ने बुधवार देर शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। दरअसल, 1995 के एक धोखाधड़ी मामले में उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद महाराष्ट्र की सियासत में हलचल मच गई। मानिकराव के इस्तीफा देने से पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पवार से बात कर उनके तमाम विभाग पवार को सौंप दिए। आखिर ऐसा क्या हुआ कि मानिकराव को इस्तीफा देना पड़ा? आइए, जानते हैं।

सजा

किस मामले में जारी हुआ गिरफ्तारी वारंट?

यह 1995 में मुख्यमंत्री कोटे के तहत गरीबों के फ्लैटों के दुरुपयोग का मामला है। मानिकराव और उनके भाई विजय कोकाटे पर आरोप है कि उन्होंने नासिक के कनाडा कॉर्नर में 'निर्माण व्यू-अपार्टमेंट' में 2 फ्लैट लेने के लिए फर्जी हलफनामा-दस्तावेज दिए थे। नासिक सत्र कोर्ट ने बुधवार को मजिस्ट्रेट की सजा को बरकरार रख मानिकराव को 2 साल की सजा सुनाई और गिरफ्तारी वारंट जारी किया। उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट में तत्काल सुनवाई की मांग की, जो शुक्रवार को होगी।

विवाद

विधानसभा में मोबाइल पर रमी खेलते दिखे थे मानिकराव

कैबिनेट में शामिल होने के बाद से मानिकराव विवादों में रहे हैं। इस साल जुलाई में विधानसभा के अंदर वे मोबाइल पर रमी खेलते दिखे थे, जिसके बाद उनसे कृषि मंत्रालय छीन लिया गया और खेल मंत्रालय दिया गया। मानिकराव फिलहाल मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। बता दें कि पवार गुट के एक और मंत्री धनंजय मुंडे को भी इस साल इस्तीफा देना पड़ा था क्योंकि उनके सहयोगी वाल्मीकि कराड का नाम सरपंच हत्या से जुड़ा था।

Advertisement

विधायक

पांच बार के विधायक हैं मानिकराव

मानिकराव कोकाटे महाराष्ट्र में नासिक जिले के सिन्नर निर्वाचन क्षेत्र से आते हैं और यहां से 5 बार विधायक बन चुके हैं। अस्पताल में भर्ती होने के कारण अभी उनकी गिरफ्तारी अस्थायी तौर पर रुक गई है। मानिकराव के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद महाराष्ट्र की सियासत में हलचल है। पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) पर दबाव है। फिलहाल, मानिकराव का खेल और युवा कल्याण विभाग पवार के पास है। जल्द ही कोई नया विधायक मंत्री बनेगा।

Advertisement