Page Loader
महाराष्ट्र में जीत पर एकनाथ शिंदे का पहला बयान आया, मुख्यमंत्री पद को लेकर क्या कहा? 
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मतदाताओं को धन्यवाद दिया है

महाराष्ट्र में जीत पर एकनाथ शिंदे का पहला बयान आया, मुख्यमंत्री पद को लेकर क्या कहा? 

लेखन आबिद खान
Nov 23, 2024
12:42 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव परिणामों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन दोबारा से सरकार बनाने जा रहा है। गठबंधन 200 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि बहुमत के लिए 145 सीटों की ही जरूरत है। इस बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का पहला बयान सामने आया है। उन्होंने लाडली बहनों, मतदाताओं और गठबंधन की सभी पार्टियों को धन्यवाद दिया है। शिंदे ने इस दौरान मुख्यमंत्री पद को लेकर भी टिप्पणी की है।

बयान

पार्टियां मिलकर तय करेंगी मुख्यमंत्री का नाम- शिंदे

शिंदे ने कहा, "ये बंपर जीत है। हमें बंपर बहुमत मिला है। मैंने पहले ही कहा था महायुति की जीत होगी। लाडली बहनों को धन्यवाद। महायुति के सभी दलों को धन्यवाद। मैं समाज के सभी वर्गों को धन्यवाद देता हूं। मैं महायुति पार्टियों के सभी कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद देता हूं।" मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने कहा, "तीनों पार्टियां मिलकर तय करेंगी कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। ये तय नहीं है कि जिसकी ज्यादा सीटें हैं उसका मुख्यमंत्री होगा।"

सीटें

महायुति ने पार किया बहुमत का आंकड़ा

खबर लिखे जाने तक महाराष्ट्र में महायुति 220 और महाविकास अघाड़ी (MVA) 56 सीटों पर आगे चल रहा है। महायुति में अकेले भाजपा ने ही MVA से ज्यादा सीटों पर बढ़त बना ली है। भाजपा 127, शिवसेना (शिंदे) 56 और NCP अजित 38 सीटों पर आगे है। बता दें कि भाजपा ने 148, शिंदे सेना ने 83 और NCP अजित ने 52 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। शिंदे, अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस अपनी-अपनी सीटों पर आगे चल रहे हैं।