Page Loader
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम 2024: स्वरा भास्कर के पति फहाद अहमद अणुशक्ति नगर से हारे
महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव परिणाम 2024 में फहाद अहमद हारे

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम 2024: स्वरा भास्कर के पति फहाद अहमद अणुशक्ति नगर से हारे

लेखन गजेंद्र
Nov 23, 2024
02:37 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव परिणाम 2024 में बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर के पति और शरद पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार फहाद अहमद अणुशक्ति नगर सीट पर हार गए हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) की उम्मीदवार सना मलिक और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के आचार्य नवीन विद्याधर के बीच था। अहमद को 45,963 वोट मिले, जबकि सना मलिक को 49,341 वोट मिले हैं। सना 3,378 वोट से जीती हैं।

चुनाव परिणाम

पहली बार चुनाव लड़ रहे थे अहमद

अहमद बरेली के बहेड़ी क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे 2022 में समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे और महाराष्ट्र में समाजवादी युवजन सभा संभाल रहे थे। 2024 में उन्होंने समाजवादी पार्टी छोड़ दी और शरद पवार गुट की पार्टी में शामिल हो गए। अहमद इस बार पहली बार चुनाव मैदान में उतरे थे। इससे पहले फरवरी 2023 में उन्होंने अभिनेत्री स्वरा भास्कर से विवाह किया था, जिसके बाद वे सुर्खियों में आ गए थे।

इतिहास

नवाब मलिक ने अपनी बेटी को सौंपी थी जीतने की जिम्मेदारी

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) के नवाब मलिक 2009 से इस सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने 2009 और 2019 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से जीत दर्ज की थी। उन्होंने शिवसेना के तुकाराम काटे को 2009 और 2019 में हराया था। तुकाराम काटे ने 2014 के चुनाव में मलिक को हराया था। इससे पहले मलिक नेहरू नगर से जीतते आए हैं। इस बार मलिक ने अपनी बेटी सना मलिक को यहां से टिकट दिलाया है।