Page Loader
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024: उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से जीते
देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से जीत गए हैं

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024: उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से जीते

लेखन आबिद खान
Nov 23, 2024
04:12 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार प्रफुल्ल गुडाधे पाटिल को हरा दिया है। पाटिल नागपुर से भाजपा के पहले विधायक और पूर्व मंत्री विनोद गुडधे पाटिल के पुत्र हैं। इस सीट से फडणवीस की ये लगातार चौथी जीत है। 2014 में भी यही दोनों उम्मीदवार इस सीट पर आमने-सामने थे।

फडणवीस का करियर

फडणवीस ने तय किया है महापौर से मुख्यमंत्री तक का सफर

फडणवीस ने 1990 के आसपास अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। 1997 में सिर्फ 27 साल की उम्र में वे नागपुर के सबसे युवा महापौर बने थे। 2 साल बाद वे नागपुर पश्चिम सीट से विधानसभा चुनाव जीते और 2004 में भी उन्होंने यह सीट बरकरार रखी। परिसीमन के बाद फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से चुनाव लड़ने लगे और 2009, 2014 और 2019 में लगातार यहां से विधायक चुने गए। 2014 में पहली बार फडणवीस महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने।

सीट का इतिहास

सीट पर पुरुषों से ज्यादा हैं महिला मतदाता

इस सीट पर लगभग एक लाख दलित, 70,000 कुनबी, 60,000 ब्राह्मण, 30,000 तेली और 20,000 माली समेत 35,000 उत्तर भारतीय मतदाता हैं। यहां पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। पिछले चुनावों में फडणवीस को 1,09,238 वोट मिले थे। उन्होंने कांग्रेस के आशीष देशमुख को 49,228 वोटों से हराया था। 2014 में भी फडणवीस को यहां करीब 58,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत मिली थी।