Page Loader
कौन है भाजपा के पूर्व विधायक हरिवंश सिंह राठौर, जिनके घर आयकर छापे में मिले मगरमच्छ?
मध्य प्रदेश में भाजपा के पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर के घर पर मगरमच्छ

कौन है भाजपा के पूर्व विधायक हरिवंश सिंह राठौर, जिनके घर आयकर छापे में मिले मगरमच्छ?

लेखन गजेंद्र
Jan 10, 2025
02:37 pm

क्या है खबर?

मध्य प्रदेश के सागर जिले में पिछले दिनों आयकर विभाग की टीम ने भाजपा के पूर्व विधायक हरिवंश सिंह राठौर के घर पर छापा मारा। इस दौरान टीम को कई वित्तीय गड़बड़ी की संभावना तो मिली ही, साथ में घर पर कुछ मगरमच्छ भी मिले। इसका वीडियो सामने आने के बाद इस छापे की चर्चा शुरू हो गई। आइये जानते हैं कौन हैं मगरमच्छ पालने वाले भाजपा के पूर्व विधायक राठौर।

पहचान

कौन हैं हरिवंश सिंह राठौर?

राठौर मध्य प्रदेश में भाजपा के बड़े नेता हैं। बताया जाता है कि राठौर बीड़ी और निर्माण कारोबारी राजेश केशरवानी के साथ मिलकर व्यवसाय करते हैं। केशरवानी पूर्व पार्षद हैं। राठौर 2013 में बंडा से विधायक बने थे। 2018 में राठौर विधानसभा चुनाव हार गए और 2023 में उनको पार्टी ने टिकट नहीं दिया। राठौर 2 बार जिला पंचायत अध्यक्ष भी रहे हैं। राठौर की बड़े नेताओं से संबंध हैं। उनके पिता हरनाम राठौर उमा भारती सरकार में मंत्री थे।

शौक

पूर्व विधायक के घर कहां से आए मगरमच्छ?

आयकर की टीम सदर इलाके में स्थित राठौर के बंगले पर पहुंची तो उन्हें एक कोने में मंदिर और चिड़ियाघर जैसा सेट दिखा। इसमें लोहे की जाली के अंदर 3 मगरमच्छ एक प्लेटफॉर्म पर बैठे थे। अधिकारियों ने इसकी वीडियो बनाई है। हालांकि, वीडियो की पुष्टि कोई नहीं कर रहा। अधिकारियों ने इसकी खबर वन विभाग को दी। मगरमच्छ पालन गैर-कानूनी होने के बावजूद ये राठौर के बंगले में क्या कर रहे थे, इसका जवाब टीम को नहीं मिला है।

ट्विटर पोस्ट

मगरमच्छ का वीडियो

कयास

राठौर के बंगले में पहले थे पहले कई जानवर

खबरों के मुताबिक, राठौर के दादाजी के समय मंदिर और चिड़ियाघऱ बनाया गया था। एक समय यहां कई जानवर और पक्षी थे। टैंक नुमा हिस्से में कुछ घड़ियाल भी पले थे। इनकी जिम्मेदारी मंदिर में रहने वाले पुजारी उठाते थे। बाद में जानवरों की संख्या कम होती गई। 2018 में दादा के निधन के बाद राठौर परिवार ने मगरमच्छों को कहीं और शिफ्ट करने के लिए वन विभाग को पत्र भी लिखा था। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई।

छापा

आयकर विभाग को छापे में क्या मिला?

आयकर विभाग ने राठौर के अलावा केशरवानी के ठिकानों पर भी छापा मारा था। टीम को राठौर के यहां से 14 किलो सोना और करीब 4 करोड़ रुपये की नकदी मिली थी। केशरवानी के ठिकानों से टीम को 150 करोड़ रुपये से अधिक की कर हेराफेरी का पता चला है। इसके अलावा 100 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति और बिजली चोरी का मामला भी पकड़ा है। केशरवानी के घर से बिना पंजीकृत 7 लग्जरी गाड़ियां भी बरामद की गई हैं।