Page Loader
मध्य प्रदेश चुनाव: निवास से केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते हारे, कांग्रेस ने हराया
मध्य प्रदेश चुनाव में भाजपा के फग्गन सिंह कुलस्ते हारे

मध्य प्रदेश चुनाव: निवास से केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते हारे, कांग्रेस ने हराया

लेखन गजेंद्र
Dec 03, 2023
02:32 pm

क्या है खबर?

मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मंडला जिले की निवास विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार और केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को कांग्रेस के हाथों हार मिली है। कांग्रेस के उम्मीदवार चैन सिंह बरकड़े को 94,419 वोट मिले, जबकि कुलस्ते को 83,203 वोट मिले। यहां सभी 19 राउंड की गिनती पूरी हो गई है। यहां तीसरे नंबर पर रहे गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के देवेंद्र मारावी भोई को 11,586 वोट मिले हैं।

परिणाम

कैसा रहा है निवास सीट का इतिहास?

कुलस्ते ने पहली बार 1990 में निवास सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। 1993 और 1998 में कांग्रेस के उम्मीदवार ने यहां जीत दर्ज की। 2003 से 2013 तक यहां लगातार भाजपा ने जीत दर्ज की। 2018 में कांग्रेस के डॉ अशोक मर्सकोले यहां से जीते थे। कुलस्ते मंडला सीट से लोकसभा सांसद हैं। वह 6 बार लोकसभा और एक बार राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। वे अभी केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री हैं।

चुनाव

सीट पर था त्रिकोणीय मुकाबला

निवास सीट से 5 उम्मीदवार मैदान में थे। यहां कांग्रेस और भाजपा के अलावा गोंडवाना पार्टी का उम्मीदवार भी जनता के सामने था, जिससे यहां त्रिकोणीय मुकाबला था। बता दें कि मध्य प्रदेश में 230 सीटों के लिए 17 नवंबर को मतदान हुआ था। इसमें 2,533 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे। यहां 77.15 प्रतिशत मतदान हुआ था। 2018 के चुनाव में यहां कांग्रेस ने 114 सीटें और भाजपा ने 109 सीटें जीती थीं।