Page Loader
लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: राजगढ़ में भाजपा के रोडमल नागर ने हैट्रिक लगाई, दिग्विजय सिंह हारे
मध्य प्रदेश के राजगढ़ सीट से दिग्विजय सिंह ने जीत दर्ज की

लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: राजगढ़ में भाजपा के रोडमल नागर ने हैट्रिक लगाई, दिग्विजय सिंह हारे

लेखन गजेंद्र
Jun 04, 2024
06:00 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आना शुरू हो गए हैं। मध्य प्रदेश के राजगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह और भाजपा के मौजूदा सांसद रोडमल नागर के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। नागर ने दिग्विजय सिंह को 1 लाख से अधिक वोट से हरा दिया है। इसी के साथ नागर ने इस सीट पर जीत की हैट्रिक लगा दी। नागर को 7.5 लाख से अधिक वोट मिले हैं।

चुनाव परिणाम

इस सीट पर 2 बार जीत दर्ज करा चुके हैं दिग्विजय सिंह

राजगढ़ सीट पर रोडमल नागर 2014 से काबिज हैं। उससे पहले 2009 में यह सीट कांग्रेस के नारायण सिंह अमलाबे के पास थी। 2004 में भाजपा के लक्ष्मण सिंह यहां से सांसद थे। लक्ष्मण 1994-1999 तक कांग्रेस के टिकट पर यहां से सांसद थे। दिग्विजय सिंह 1984 और 1991 में यहां से जीते थे। यह सीट 30 साल से दिग्विजय के परिवार का गढ़ रहा है, लेकिन 2014 और 2019 में वह सीट बचाने में कामयाब नहीं हो पाए।

चुनाव

राजगढ़ में 72.08 प्रतिशत हुआ था मतदान

राजगढ़ में तीसरे चरण के तहत 7 मई को हुए मतदान में 72.08 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया था। राजगढ़ में कुल 1,379 मतदान केंद्रों पर 6,168 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। राजगढ़ सीट से कुल 13 उम्मीदवार मैदान में थे। बता दें कि 7 चरणों के तहत हुए मतदान में देश में कुल 96.8 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे। देश में 10.5 लाख मतदान केंद्र बने, जिन पर 55 लाख इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से मतदान हुआ था।