LOADING...
राहुल गांधी के भाषण पर हंगामा, स्पीकर ने बोलने से रोका
राहुल गांधी के भाषण पर लोकसभा में हंगामा

राहुल गांधी के भाषण पर हंगामा, स्पीकर ने बोलने से रोका

लेखन गजेंद्र
Mar 12, 2026
05:59 pm

क्या है खबर?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को एक बार फिर बोलने से रोक दिया गया। उन्होंने गुरुवार को तेल संकट पर बोलने के लिए नोटिस दिया था। शाम 4 बजे लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने राहुल को बोलने की अनुमति दी थी, लेकिन नेता प्रतिपक्ष अपने भाषण के बीच में पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का जिक्र करते हुए एपस्टीन फाइल्स का जिक्र करने लगे। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया और स्पीकर ने उनको बोलने की इजाजत नहीं दी।

भाषण

राहुल ने क्या कहा था?

कांग्रेस सांसद राहुल ने भाषण शुरू करते हुए कहा, "पश्चिमी एशिया में एक युद्ध छिड़ चुका है। अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के बीच में है। इस युद्ध के परिणाम बहुत आगे जाने वाले हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है, जिससे वैश्विक तेल का 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है। इसके बहुत बुरे प्रभाव होने वाले हैं, खासकर हमारे लिए क्योंकि काफी मात्रा में वहां से प्राकृतिक गैस और तेल आता है। रेस्तरां बंद हो रहे हैं।"

भाषण

तेल किससे खरीदें और किससे नहीं, इसकी अनुमति अमेरिका क्यों देगा- राहुल

राहुल ने आगे कहा, "LPG का बड़े स्तर पर संकट दिखने वाला है। रेहड़ी वाले लोग प्रभावित हो रहे हैं। यह सिर्फ शुरूआत है। हर राष्ट्र की नींव इसकी ऊर्जा सुरक्षा होती है। मैं इसे हल्के में नहीं कह रहा। अमेरिका को यह अनुमति देना कि वह यह निर्णय ले कि हम रूस से तेल खरीदें या नहीं, ऊर्जा आपूर्तिकर्ता से हमारे संबंध कैसे होंगे, यह निर्णय हम लेंगे या कोई और। यह बहुत परेशान करने वाला तथ्य है।"

Advertisement

भाषण

किस बात पर हुआ हंगामा?

राहुल ने कहा, "एक देश जो भारत के बराबर है, वो कैसे किसी और देश को अनुमति देगा कि हम किससे तेल खरीदेंगे। हमें ऐसी अनुमति की आवश्यकता क्यों है। ये बहुत परेशान करने वाला तथ्य है। ये समझौते के बारे में है। यहां बैठे पेट्रोलियम मंत्री ने स्वयं कहा है कि वह एपस्टीन (अमेरिका के यौन अपराधी) के मित्र हैं। मेरे पास दस्तावेज है कि उनकी बेटी ने जॉर्ज सोरोस से पैसा लिया था।" तभी हंगामा शुरू हो गया।

Advertisement

हंगामा

बिरला ने राहुल को क्यों नहीं दी बोलने की अनुमति?

स्पीकर बिरला ने राहुल को बीच में टोकते हुए कहा कि जिस विषय का नोटिस नेता प्रतिपक्ष ने दिया है, उनको उसी विषय पर बोलना चाहिए। स्पीकर ने कहा कि इसके अतिरिक्त और किसी विषय पर बोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। स्पीकर ने विपक्षी सांसद धर्मेंद्र यादव को अगले वक्ता के तौर पर बोलने की अनुमति दी, जिस पर यादव ने भी नेता प्रतिपक्ष को बोलने की अनुमति देने का आग्रह किया। हालांकि, स्पीकर ने इसे ठुकरा दिया।

ट्विटर पोस्ट

राहुल गांधी के भाषण पर हंगामा

Advertisement