Loading...
परिसीमन विधेयक पर रिजिजू ने की राहुल से मुलाकात, नेता विपक्ष ने सहयोग से किया इनकार- रिपोर्ट
परिसीमन विधेयक को लेकर किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी से मुलाकात की

परिसीमन विधेयक पर रिजिजू ने की राहुल से मुलाकात, नेता विपक्ष ने सहयोग से किया इनकार- रिपोर्ट

लेखन आबिद खान
Aug 05, 2026
03:50 pm

क्या है खबर?

खबर है कि केंद्र सरकार संसद के इसी मानसून सत्र में परिसीमन से जुड़ा विधेयक दोबारा लाने की तैयारी कर रही है। इसे लेकर सरकार ने कांग्रेस से बातचीत शुरू कर दी है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर संसद में जारी गतिरोध के बीच परिसीमन विधेयक को लेकर उनका रुख जानने की कोशिश की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बैठक हुई।

रिपोर्ट

रिजिजू ने कांग्रेस से मांगा सहयोग- रिपोर्ट

न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थी।

आज विपक्षी पार्टियों द्वारा नारेबाजी के बीच लोकसभा की कार्यवाही स्थगित की गई थी। इसके कुछ ही देर बाद रिजिजू ने राहुल से उनके कक्ष में मुलाकात की।

NDTV के मुताबिक, रिजिजू ने परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर कांग्रेस का सहयोग मांगा, जिसे सरकार मौजूदा सत्र में फिर से पेश करने की तैयारी कर रही है।

कांग्रेस

राहुल ने रिजिजू के अनुरोध को खारिज किया

रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल ने रिजिजू के अनुरोध को सिरे से खारिज कर दिया।

कथित तौर पर राहुल ने रिजिजू से कहा कि राम मंदिर में दान चोरी पर चर्चा और दिल्ली में 20 जुलाई के विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बिना सदन में कोई कार्यवाही नहीं हो सकती।

यानी यह तय है कि संसद में आने वाले दिनों में भी गतिरोध जारी रहेगा।

ADVERTISEMENT

गतिरोध

संसद में जारी है गतिरोध

NEET पेपर लीक, राम मंदिर दान विवाद और छात्रों पर पुलिसिया ज्यादती जैसे मुद्दों को लेकर संसद के मानसून सत्र में खूब हंगामा देखने को मिल रहा है।

विपक्ष कह रहा है कि छात्रों पर ज्यादती के मामले में गृह मंत्री सदन में जवाब दे, क्योंकि दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय के अंतर्गत आती है।

इस बीच लगातार दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित हो रही है।

आज भी विपक्षी सांसदों ने संसद में प्रदर्शन किया था।

ADVERTISEMENT

परिसीमन

परिसीमन विधेयक को लेकर विशेष सत्र बुला सकती है सरकार

संसद का मौजूदा मानसून सत्र 13 अगस्त तक चलेगा। इस बीच आम आदमी पार्टी (AAP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) जैसी पार्टियों में हुई टूट से उत्साहित NDA परिसीमन विधेयक को लाने की तैयारी कर रहा है, जो पिछली बार पारित नहीं हो सका था।

माना जा रहा है कि 16 या 17 अगस्त को परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को लेकर संसद का विशेष सत्र बुलाया जा सकता है।

ADVERTISEMENT