Loading...
राष्ट्रमंडल खेल 2026 खत्म होने के बाद पाकिस्तानी बॉक्सर समेत कई एथलीट हुए लापता
पाकिस्तान के बॉक्सर भी लापता हैं (फाइल तस्वीर)

राष्ट्रमंडल खेल 2026 खत्म होने के बाद पाकिस्तानी बॉक्सर समेत कई एथलीट हुए लापता

Aug 05, 2026
10:56 am

क्या है खबर?

राष्ट्रमंडल खेल 2026 के समापन के बाद स्कॉटलैंड में कई एथलीटों के लापता होने की खबर है। इसके बाद पुलिस स्कॉटलैंड ने उन खिलाड़ियों की तलाश को लेकर जांच शुरू कर दी है, जो अपनी-अपनी टीमों के साथ स्वदेश नहीं लौटे। पुलिस ने मंगलवार को पुष्टि की है कि उसे कई ऐसे एथलीटों की रिपोर्ट मिली है, जिनका ग्लासगो में रविवार को समाप्त हुए खेलों के बाद कोई पता नहीं चल पाया है। इसमें पाकिस्तान का एक बॉक्सर भी है।

बयान

युगांडा के 6 बॉक्सर में से 4 गायब

युगांडा के प्रसारक एनबीएस स्पोर्ट्स के अनुसार, देश की 6 सदस्यीय बॉक्सिंग टीम के 4 खिलाड़ी मंगलवार को अपनी निर्धारित स्वदेश वापसी की फ्लाइट में सवार नहीं हुए।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में लापता खिलाड़ियों की पहचान नुहु बाट्टे, एंजेल कटुशाबे, इब्राहिम केमिस और एमिली नकालेंमा के रूप में की गई है।

राष्ट्रमंडल खेल 2026 के समापन के बाद इन खिलाड़ियों के लापता होने की खबर सामने आई, जिसके बाद उनकी तलाश को लेकर जांच हुई है।

बातचीत

इस कारण वापस नहीं गए युगांडा के बॉक्सर 

एनबीएस स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के मुताबिक, उसने लापता बॉक्सरों में से एक खिलाड़ी से बातचीत की है।

खिलाड़ी ने दावा किया कि यह समूह स्कॉटलैंड में शरण लेने और वहीं, अपने बॉक्सिंग करियर को जारी रखने की योजना बना रहा है।

उसने इसके पीछे बेहतर ट्रेनिंग सुविधाओं और नए अवसरों को कारण बताया।

खिलाड़ी ने अपने देश के लोगों से इस फैसले को समझने की अपील की और कहा कि उन्हें इस निर्णय के लिए जज नहीं किया जाना चाहिए।

ADVERTISEMENT

पाकिस्तान

पाकिस्तान का बॉक्सर भी लापता 

पाकिस्तान के बॉक्सर कुदरतुल्लाह अपनी टीम के साथ स्वदेश लौटने वाली फ्लाइट में शामिल नहीं हुए, जिसके बाद उनके लापता होने की खबर सामने आई।

रवाना होने से पहले जब टीम अधिकारियों ने उनके कमरे में जाकर देखा तो वह वहां मौजूद नहीं थे।

पाकिस्तान ओलंपिक एसोसिएशन (POA) से जुड़े सूत्र के मुताबिक, ग्लासगो में अपना अभियान पूरा करने के बाद कुदरतुल्लाह लापता हुए।

बताया गया है कि उनका पासपोर्ट टीम मैनेजर के पास था।

ADVERTISEMENT

काम

साल 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में भी गायब हुए थे पाकिस्तानी बॉक्सर

साल 2022 में बर्मिंघम में हुए राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान भी पाकिस्तानी बॉक्सर सुलेमान बलोच और नजीरुल्लाह खान लापता हो गए थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस समय भी उनके पासपोर्ट टीम प्रबंधन के पास होने की बात सामने आई थी।

वहीं, ग्लासगो 2026 के आयोजकों ने कहा है कि खेलों के समापन के बाद एथलीटों और अधिकारियों के शहर से रवाना होने के दौरान वे संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

ADVERTISEMENT