Page Loader
केरल: स्थानीय निकाय उपचुनाव में वामपंथी गठबंधन के प्रदर्शन में सुधार, जानें कांग्रेस-भाजपा का हाल
केरल के स्थानीय निकाय के चुनाव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) का परचम

केरल: स्थानीय निकाय उपचुनाव में वामपंथी गठबंधन के प्रदर्शन में सुधार, जानें कांग्रेस-भाजपा का हाल

लेखन गजेंद्र
Feb 23, 2024
05:02 pm

क्या है खबर?

केरल में हुए स्थानीय निकाय के उपचुनाव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) ने अपनी स्थिति सुधारी है। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, केरल के 10 जिलों के 23 स्थानीय निकायों के वार्डों में गुरुवार को हुए उपचुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित हुए। राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, LDF ने 23 में से 9 जगह जीत दर्ज की है, जबकि इससे पहले उसके पास इनमें सिर्फ 3 सीटें थीं।

परिणाम

कांग्रेस और भाजपा की घट गईं सीटें

चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) को 10 सीटें मिली हैं, जबकि पहले उसके पास इनमें से 14 सीटें थीं। भाजपा को भी उपचुनाव में नुकसान हुआ है। पिछली बार 4 सीटों पर वह जीती थी, जबकि इस बार उसे 3 सीटों पर जीत मिली। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। चुनाव 18 ग्राम पंचायत वार्डों, 4 नगर पालिका वार्डों और 1 नगर निगम वार्ड के सदस्यों के लिए हुए थे।

चुनाव

LDF ने भाजपा से छीनी तिरुवनन्तपुरम की सीट

भाजपा को तिरुवनन्तपुरम निगम में झटका लगा। LDF के उम्मीदवार ने वेल्लार वार्ड से भाजपा के उम्मीदवार को 151 वोट से शिकस्त दी। शहर में अपना वर्चस्व बनाने की कोशिश कर रही भाजपा के लिए यह नुकसान है। इसके अलावा एर्नाकुलम जिले के नेदुम्बसेरी पंचायत के वार्ड में LDF ने कांग्रेस के हाथ से सीट छीनी है। पंचायत में मौजूदा गवर्निंग काउंसिल में, LDF और UDF दोनों में 9-9 सदस्य थे, लेकिन UDF सदस्य के इस्तीफे से उपचुनाव हुआ था।