केरलम में मुख्यमंत्री पर घमासान, पोस्टर वॉर शुरू; राहुल गांधी ने की मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात
क्या है खबर?
विधानसभा चुनाव नतीजे आने के 9 दिन बाद भी केरलम में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कांग्रेस किसी फैसले पर नहीं पहुंच सकी है। आज राहुल गांधी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पहुंचकर उनके मुलाकात की थी। माना जा रहा था कि इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वहीं, मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के बीच पोस्टर वॉर शुरू हो गया है।
पोस्टर
वेणुगोपाल के विरोध में पोस्टर सामने आए
केरलम में कई पोस्टर सामने आए हैं, जिनमें गांधी परिवार को केसी वेणुगोपाल का समर्थन न करने की चेतावनी दी गई है। एक पोस्टर पर लिखा था, "राहुल और प्रियंका, वायनाड को भूल जाइए। आप यहां से दोबारा नहीं जीत पाएंगे।" एक अन्य पोस्टर पर लिखा था, "राहुल, वेणुगोपाल भले ही आपका सहारा हो, लेकिन केरल की जनता आपको कभी माफ नहीं करेगी।" इसी तरह एक पोस्टर पर लिखा था, "केरलम इस गलती के लिए आपको कभी माफ नहीं करेगा।"
जानकारी
जयराम रमेश बोले- कल होगा ऐलान
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, "केरलम में CLP के सदस्यों द्वारा अधिकृत किए जाने के बाद कांग्रेस के हाईकमान ने सभी चर्चाएं पूरी कर ली हैं और केरलम का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर फैसला कल घोषित किया जाएगा।"
मुलाकात
लगातार बैठकें जारी, लेकिन सहमति नहीं
बीते दिन राहुल गांधी ने दिल्ली में केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के पूर्व अध्यक्षों से मुलाकात कर मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर उनके विचार जाने थे। कल ही केरलम के पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मुरलीधरन ने भी राहुल से मुलाकात की थी और संभावित चेहरों पर मंथन किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस विधायक दल की बैठक में करीब 75 प्रतिशत विधायकों ने केसी वेणुगोपाल को समर्थन दिया था।
दावेदार
कौन-कौन दौड़ में?
AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल, विपक्ष के नेता वीडी सतीशन और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला प्रमुख दावेदारों के तौर पर उभरे हैं। कुछ दिन पहले आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि पार्टी विधायकों ने पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक के सामने वेणुगोपाल का समर्थन किया था। कुछ रिपोर्ट में दावा किया गया कि कांग्रेस की सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने सतीशन का समर्थन किया। हालांकि, IUML ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा।
नतीजे
चुनावों में UDF को स्पष्ट बहुमत
केरलम विधानसभा चुनावों के नतीजों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) को स्पष्ट बहुमत मिला है। UDF ने 102 सीटें जीती हैं, जो पिछली बार से 61 ज्यादा है। वहीं, सत्तारूढ़ LDF को 35 सीटें मिली हैं और उसे पिछले चुनावों के मुकाबले 64 सीटों का नुकसान हुआ है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 3 सीटें जीती हैं। केरलम में 140 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 71 है।