सोना-चांदी पर बढ़े आयात शुल्क से आभूषण शेयरों में आई 4 प्रतिशत तक गिरावट
क्या है खबर?
शेयर बाजार में आज (13 मई) आभूषण कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है। केंद्र सरकार द्वारा सोने, चांदी और दूसरे कीमती धातुओं पर आयात शुल्क बढ़ाने के बाद निवेशकों में चिंता बढ़ गई है। कारोबार के दौरान कल्याण ज्वैलर्स के शेयर 4.33 प्रतिशत टूटकर 346.15 रुपये पर आ गए। वहीं टाइटन, सेन्को गोल्ड और PC ज्वैलर के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई। बाजार में कमजोर माहौल के कारण ज्वेलरी सेक्टर दबाव में दिखाई दिया।
चिंता
आयात शुल्क बढ़ने से बढ़ी चिंता
सरकार ने 13 मई से नया शुल्क ढांचा लागू किया है। इसके तहत सोने और चांदी के आयात पर 10 प्रतिशत बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5 प्रतिशत एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस लगाया गया है। इसके बाद कुल आयात शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है। नए नियम में प्लैटिनम, ज्वेलरी पार्ट्स और दूसरे कीमती धातुओं से जुड़े औद्योगिक आयात भी शामिल किए गए हैं। इससे आयात महंगा होने और कारोबार की लागत बढ़ सकती है।
कीमत
सोना-चांदी की कीमतों में तेज उछाल
आयात शुल्क बढ़ने के बाद घरेलू बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में तेज तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना 6 प्रतिशत के अपर सर्किट के साथ 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमत भी 6 प्रतिशत बढ़कर 2.95 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर लॉक हो गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी मजबूत बने रहे। बढ़ती कीमतों से निवेशकों और खरीदारों दोनों की चिंता बढ़ गई है।
विदेशी मुद्रा
विदेशी मुद्रा बचाने की कोशिश
सरकार का मानना है कि आयात शुल्क बढ़ाने से गैर-जरूरी आयात कम होंगे और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव घटेगा। भारतीय रुपये में कमजोरी और वैश्विक अनिश्चितता के कारण सरकार लगातार सख्ती वाले कदम उठा रही है। भारत दुनिया के सबसे बड़े सोना और चांदी आयात करने वाले देशों में शामिल है, इसलिए कीमतों और आयात में बदलाव का असर सीधे बाजार पर पड़ता है। कारोबारियों को डर है कि आने वाले दिनों में मांग और कमजोर हो सकती है।