
कर्नाटक में नहीं बदला जाएगा मुख्यमंत्री, कांग्रेस ने अटकलों पर लगाया विराम
क्या है खबर?
कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदले जाने की अटकलों पर मंगलवार को विराम लग गया है। कर्नाटक प्रभारी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने इसको लेकर स्थिति साफ की है। बेंगलुरु दौरे पर पहुंचे सुरजेवाला ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन पर कोई चर्चा नहीं हुई है, इस पर कोई राय भी नहीं ली जा रही है और न ही नेतृत्व परिवर्तन की कोई योजना है। उनके साथ उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी मौजूद थे।
दौरा
पार्टी के संगठनात्मक समीक्षा के लिए पहुंचे थे बेंगलुरु
सुरजेवाला ने बताया कि वह बेंगलुरु में केवल पार्टी के संगठनात्मक प्रदर्शन और उनकी कांग्रेस सरकार के शासन की समीक्षा करने के लिए पहुंचे थे उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ अपनी बातचीत के बारे में विस्तार से बताया और कहा, "हम उनसे पूछ रहे हैं- क्या काम हुआ? पार्टी की बैठकों की स्थिति क्या है? क्या किसी संगठनात्मक बदलाव की जरूरत है? क्या विधायकों को कोई मुश्किल या आकांक्षा है? हम गारंटियों के बारे में भी पूछ रहे हैं।"
बयान
डीके शिवकुमार ने भी स्पष्टीकरण दिया
इस दौरान कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने भी नेतृत्व परिवर्तन की किसी संभावना से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा, "कोई नेतृत्व परिवर्तन नहीं है। मैं नहीं चाहता कि कोई भी सामने आकर मेरे लिए समर्थन व्यक्त करे। आम आदमी के साथ खड़े होना और अपने वादों को पूरा करना हमारा परम कर्तव्य है।" शिवकुमार ने कहा कि वह इकबाल हुसैन को उनकी टिप्पणियों के लिए नोटिस जारी करेंगे। उन्होंने पार्टी नेताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए उन्होंने चेतावनी दी।
चर्चा
कैसे शुरू हुई थी चर्चा?
कर्नाटक में सिद्धारमैया की जगह शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने की चर्चा तब शुरू हुई, जब कर्नाटक कांग्रेस विधायक एचए इकबाल हुसैन ने दावा किया कि शिवकुमार 2-3 महीने में मुख्यमंत्री बन सकते हैं। उन्होंने कहा था कि सभी जानते हैं कि कर्नाटक में जीत हासिल करने के लिए किसने संघर्ष, पसीना, प्रयास और रुचि दिखाई। उनकी (शिवकुमार की) रणनीति और कार्यक्रम अब इतिहास हैं। सहकारिता मंत्री केएन राजन्ना और बसवराज शिवगंगा ने भी यही दावा करके चर्चा को हवा दी।