कर्नाटक के राज्यपाल ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकारा, डीके शिवकुमार के लिए रास्ता साफ
क्या है खबर?
कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने शुक्रवार को सिद्धारमैया का मुख्यमंत्री पद से दिया गया इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इस संबंध में उन्होंने शुक्रवार को एक अधिसूचना जारी की। राज्यपाल ने अधिसूचना में कहा, "प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्यपाल ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और उनके नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।" राज्यपाल ने सिद्धारमैया को वैकल्पिक व्यवस्था होने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री बनाया है।
मुख्यमंत्री
डीके शिवकुमार पहुंचे दिल्ली
सिद्धारमैया के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उपमुख्यमंत्री और कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार के लिए मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। शिवकुमार और सिद्धारमैया गुरुवार रात को ही अलग-अलग विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। हालांकि, सिद्धारमैया का विमान खराब मौसम के कारण जयपुर मोड़ दिया गया। उनकी शुक्रवार को कांग्रेस आलाकमान के साथ बैठक है, जिसमें अगले मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण पर चर्चा की जाएगी।
ट्विटर पोस्ट
सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार
Karnataka Governor Thaawarchand Gehlot accepts the resignation of CM Siddaramaiah, who stepped down yesterday, 28th May 2026. pic.twitter.com/dUJQUdLPH9
— ANI (@ANI) May 29, 2026
इस्तीफा
सिद्धारमैया ने कल राज्यपाल के सचिव को दिया था इस्तीफा
सिद्धारमैया ने कर्नाटक में चल रही राजनीतिक खींचतान पर विराम देते हुए गुरुवार दोपहर बाद राज्यपाल के सचिव को लोक भवन पहुंचकर अपना इस्तीफा दिया था। हालांकि, उस समय राज्यपाल गहलोत अपने गृह प्रदेश मध्य प्रदेश में थे और पारिवारिक कारणों से उज्जैन पहुंचे थे। वह गुरुवार देर शाम को बेंगलुरु लौटे हैं। सिद्धारमैया ने इस्तीफा देने से पहले मुख्यमंत्री आवास पर कैबिनेट सहयोगियों को नाश्ते पर बुलाया था और आलाकमान का फैसला बताकर इस्तीफे की जानकारी दी थी।