केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को बेचैनी की शिकायत, दिल्ली AIIMS में हुई एंजियोग्राफी
क्या है खबर?
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन की ओर से शुक्रवार को बताया गया कि अस्वस्थ महसूस होने के बाद 65 वर्षीय नड्डा को लाया गया था। यहां उनकी कोरोनरी एंजियोग्राफी की गई। उनको AIIMS के हृदय रोग विभाग में निगरानी के लिए भर्ती किया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
स्वास्थ्य
AIIMS ने जारी किया बयान
AIIMS के मीडिया प्रकोष्ठ ने नड्डा के स्वास्थ्य को लेकर जारी एक बयान में कहा, "केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की 13 अगस्त, 2026 की शाम को बेचैनी के कारण जांच की गई, जिसमें कोरोनरी एंजियोग्राफी भी शामिल थी। उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें AIIMS के कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी के लिए भर्ती कराया गया है।"
बता दें कि नड्डा ने गुरुवार को राज्यसभा की कार्यवाही में भाग लिया था।
पहचान
कौन हैं जेपी नड्डा?
भाजपा के दिग्गज नेताओं में शामिल नड्डा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री और राज्यसभा में सदन के नेता हैं।
हिमाचल प्रदेश के मूल निवासी नड्डा का जन्म 2 दिसंबर, 1960 में बिहार के पटना में हुआ था। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से स्नातक और हिमाचल से कानून की पढ़ाई की।
नड्डा ABVP से जुड़े रहे और जय प्रकाश नारायण के आंदोलन में भाग लिया था। वर्ष 2020 में वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे।