Loading...
TMC का कांग्रेस में विलय करेंगी ममता बनर्जी? अधीर रंजन के प्रस्ताव पर आया ये जवाब
अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी को कांग्रेस में शामिल होने का न्योता दिया है

TMC का कांग्रेस में विलय करेंगी ममता बनर्जी? अधीर रंजन के प्रस्ताव पर आया ये जवाब

लेखन आबिद खान
Oct 02, 2026
01:25 pm

क्या है खबर?

विपक्षी गठबंधन INDIA की बैठक के दौरान ममता बनर्जी और सोनिया गांधी की तस्वीरों ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इसके ठीक बाद ममता को कांग्रेस में शामिल होने का न्योता मिला है। पश्चिम बंगाल के कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने ममता को दोबारा कांग्रेस में शामिल होने का न्योता दिया है। चौधरी ने कांग्रेस आलाकमान से भी इस दिशा में कदम उठाने की अपील की। वहीं, प्रस्ताव पर TMC का भी जवाब आया है।

चौधरी का बयान

चौधरी बोले- हार के बाद TMC के पास ज्यादा कुछ नहीं बचा

चौधरी ने कहा, "बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी के पास ज्यादा कुछ नहीं बचा है। ममता कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन का सहारा ले चुकी हैं, इसलिए उन्हें कांग्रेस में शामिल हो जाना चाहिए। बंगाल में कांग्रेस उनके नेतृत्व में काम करने के लिए तैयार है। मैं कांग्रेस आलाकमान से भी अपील करूंगा कि उन्हें कांग्रेस में आने दिया जाए।"

चौधरी ने ममता से अपना 'बोझ पीछे छोड़कर' कांग्रेस में शामिल होने की अपील की।

पुरानी बातें

चौधरी ने पुरानी बातें भुलाने का आग्रह किया

चौधरी ने कहा, "पुरानी बातें भुल जाइए। मैं ममता बनर्जी को एक सलाह देता हूं, साथ ही मैं अपने आलाकमान से मांग करता हूं कि क्यों ना ममता सीधे कांग्रेस में शामिल हो जाएं। इधर-उधर की बात ना करते हुए ममता की TMC में जितने विधायक और सांसद बचे हैं सबको लेकर क्यों ना कांग्रेस पार्टी में शामिल हो जाएं। अगले ही दिन से वह पश्चिम बंगाल कांग्रेस की अगुवाई करनी शुरू करें। हमें कोई परहेज नहीं है।"

ADVERTISEMENT

TMC का जवाब

चौधरी के बयान पर TMC ने क्या कहा?

TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा कि पार्टी ऐसे प्रस्ताव पर तभी विचार करेगी, जब कांग्रेस नेतृत्व की ओर से औपचारिक प्रस्ताव आएगा।

रॉय ने कहा, "चौधरी ने वही कहा, जो उन्हें सही लगा। हमें इस पर कुछ नहीं कहना है। TMC अब एक अलग पार्टी है। अगर कांग्रेस आधिकारिक प्रस्ताव लेकर आती है, तो हम पार्टी में इस पर चर्चा करेंगे। TMC पूरी तरह INDIA गठबंधन का हिस्सा है।"

ADVERTISEMENT

नजदीकी

कैसे बढ़ रही है TMC-कांग्रेस में नजदीकी?

नंदीग्राम उपचुनाव में ममता के गुट के उम्मीदवार ने नाम वापस ले लिया है। इसके बाद ममता ने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने का ऐलान किया है।

दिल्ली में 30 सितंबर को हुई INDIA की बैठक में सोनिया गांधी और ममता के बीच काफी अच्छी जुगलबंदी दिखी थी। ममता के संबोधन के दौरान सोनिया मेज थपथपाकर और हल्की मुस्कान के साथ उनका समर्थन करती दिखी थीं।

चुनाव आयोग विवाद को लेकर भी दोनों पार्टियां नजदीक आई हैं।

TMC

विधानसभा चुनाव में हार के बाद बिखरी TMC

हालिया पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में TMC को 294 में से 80 सीटें मिली थीं। इसके बाद पार्टी के विधायक दल में टूट हुई और ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में 58 बागी विधायकों ने अलग गुट बना लिया।

वहीं, 20 सांसदों ने भी बगावत कर दी है।

TMC के बैंक खाते भी फ्रीज कर दिए गए हैं।

पार्टी अपने चुनाव चिन्ह को लेकर भी कोर्ट से लेकर चुनाव आयोग में संघर्ष कर रही है।

ADVERTISEMENT