Page Loader
हेमंत सोरेन ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, कब लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ?
हेमंत सोरेन 28 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं

हेमंत सोरेन ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, कब लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ?

लेखन आबिद खान
Nov 24, 2024
04:41 pm

क्या है खबर?

झारखंड के विधानसभा चुनावों में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और उसकी सहयोगी पार्टियों को मिली जीत के बाद सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। हेमंत सोरेन ने आज राज्यपाल संतोष गंगवार से मिलकर पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया और फिर सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा। वे 28 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इससे पहले विधायक दल की बैठक में सोरेन को नेता चुना गया।

शपथ

कांग्रेस को 4 विधायक बन सकते हैं मंत्री

रांची में विधायक दल की बैठक के बाद सोरेन राजभवन गए और राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। दैनिक भास्कर के मुताबिक, नई सरकार में JMM के 6 और कांग्रेस के 4 विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। शपथ लेने वाले मंत्रियों के नाम भी आज ही तय किए जा सकते हैं। गठबंधन में 5 विधायक पर एक मंत्री पद का फॉर्मूला तय किया जा सकता है।

ट्विटर पोस्ट

राज्यपाल से मिले हेमंत सोरेन

नेता

समारोह कई बड़े नेता रहेंगे मौजूद

नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 28 नवंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में हो सकता है, जिसमें विपक्ष के कई बड़े नेता शिरकत करेंगे। इनमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी (SP) के अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव के नाम प्रमुख हैं।

बयान

 सोरेन ने पत्नी को दिया जीत का श्रेय

जीत के बाद सोरेन ने कहा, "हमने अपना होमवर्क कर लिया था और अपने लक्ष्य निर्धारित कर लिए थे। हम जानते थे कि यह बहुत कठिन मुकाबला होने वाला है। लोकसभा चुनाव में मेरी पत्नी कल्पना सोरेन 'वन-मैन आर्मी' के रूप में काम कर रही थीं, इस बार हम 2 थे।" वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा, "हम जनादेश को स्वीकार करते हैं। हम सभी अपनी कमियों पर गौर करेंगे और देखेंगे कि हमसे कहां गलती हुई।"

चुनावी नतीजे

झारखंड में JMM का शानदार प्रदर्शन

झारखंड विधानसभा नतीजों में INDIA गठबंधन में शामिल JMM ने 34, कांग्रेस ने 16, RJD ने 4 और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस तरह INDIA के पास 56 सीटें हैं। वहीं विपक्ष में भाजपा ने 21 और उसकी सहयोगी पार्टियों ने 3 सीटें जीती हैं। भाजपा को 2019 से 4 सीटें कम मिली हैं। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 41 है।