Page Loader
नागालैंड को पहली बार मिलीं महिला विधायक, हेकानी जाखलू और सल्हौतुओनुओ क्रूस ने रचा इतिहास
नागालैंड विधानसभा चुनाव में पहली बार दो महिला विधायक चुनी गईं

नागालैंड को पहली बार मिलीं महिला विधायक, हेकानी जाखलू और सल्हौतुओनुओ क्रूस ने रचा इतिहास

लेखन गजेंद्र
Mar 02, 2023
02:29 pm

क्या है खबर?

नागालैंड को पहली बार हेकानी जाखलू और सल्हौतुओनुओ क्रूस के रूप में महिला विधायक मिली हैं। नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) की उम्मीदवार जाखलू ने कड़े मुकाबले में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अझीतो झिमोमी को हराया। जाखलू को 14,241 वोट मिले, जबकि झिमोमी को 12,705 वोट मिले। वहीं क्रूस ने निर्दलीय उम्मीदवार केनीजाखो को 481 वोटों से हराया। इस बार नागालैंड में कुल 184 उम्मीदवारों में सिर्फ चार महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरी थीं।

परिणाम

नागालैंड को स्थापना के बाद से नहीं मिली थी कोई महिला विधायक

नागालैंड की स्थापना 1963 में हुई थी। तब से अब तक करीब 14 विधानसभा चुनाव यहां हो चुके हैं, लेकिन आज तक कोई महिला विधायक नहीं चुनी गई। इस बार कांग्रेस ने टेनिंग सीट से रोजी थॉम्पसन, NDPP ने दीमापुर तृतीय से हेकानी जाखलू और पश्चिमी अंगामी सीट से सल्हौतुओनुओ क्रूस और भाजपा ने अटोइजू सीट से काहुली सेमा को टिकट दिया था। हेकानी जाखलू पेशे से वकील हैं और क्रूस होटल संचालक हैं।