Page Loader
पूर्व भारतीय क्रिकेटर अशोक डिंडा भाजपा में शामिल हुए, हाल ही में लिया था संन्यास

पूर्व भारतीय क्रिकेटर अशोक डिंडा भाजपा में शामिल हुए, हाल ही में लिया था संन्यास

Feb 25, 2021
04:30 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले क्रिकेटरों के राजनीतिक पारी का आगाज करने का सिलसिला जैसे शुरू हो गया हो। पहले क्रिकेट खिलाड़ी मनोज तिवारी कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हुए थे और अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर अशोक डिंडा ने भाजपा का दामन थाम लिया है। डिंडा ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और पश्चिम बंगाल भाजपा उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह की मौजूदगी में आधिकारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

आभार

डिंडा ने जताया भाजपा नेतृत्व का आभार

भाजपा में शामिल होने के बाद अशोक डिंडा ने ट्वीट कर भाजपा नेतृत्व का आभार जताया है। डिंडा ने ट्वीट कर लिखा, 'मुझे राजनीतिक पारी का आगाज करने की बेहद खुशी है। मैं भाजपा नेतृत्व का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे जनता की सेवा के लिए मौका दिया है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और सुवेंदु अधिकारी को इसके लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। दादा और उनकी पूरी टीम ने हम पर भरोसा जताया है।'

करियर

ऐसा रहा है डिंडा का क्रिकेट करियर

अशोक डिंडा ने भारतीय टीम के लिए कुल 13 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 51 की औसत से 12 विकेट हैं। डिंडा को टी-20 में भी भी हाथ आजमाने का मौका मिला। उन्होंने 9 टी-20 मुकाबलों में 17 विकेट अपने नाम किए। इसी तरह डिंडा ने IPL के 78 मैचों में 30 की औसत से 69 विकेट हासिल किए हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने ने अपनी शानदार गेंदबाजी से लोगों और चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया था।

जानकारी

डिंडा ने गत 3 फरवरी को संन्यास लिया

लंबे समय से भारतीय टीम में जगह हासिल नहीं करने पाने से डिंडा ने गत 3 फरवरी को क्रिकेट से सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी थी। उस दौरान उन्होंने भारतीय टीम में जगह देने के लिए BCCI को धन्यवाद भी दिया था।

अन्य

मनोज तिवारी ने TMC के साथ किया राजनीतिक पारी का आगाज

इससे पहले मंगलवार को पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की उपस्थिति में TMC की सदस्यता ग्रहण की थी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा था, 'आज से एक नई पारी शुरू होती है। आपके प्यार और समर्थन की जरूरत है।' इसी तरह उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लोगों को एकजुट करने की कोशिश कर रही हैं। दूसरी ओर भाजपा विभाजनकारी नीति निभा अपनाकर बांटने का काम कर रही है।

जानकारी

तिवारी ने 2008 में किया था भारतीय टीम में पदार्पण

मनोज तिवारी ने साल 2008 में पदार्पण किया था। उन्होंने टीम इंडिया के लिए आखिरी वनडे जुलाई 2015 में खेला था। भारत के लिए उन्होंने 12 वनडे, तीन टी- 20 मैच खेले। वनडे मैच में उन्होंने एक शतक की मदद से 287 रन बनाए हैं।

चुनाव

बंगाल में मार्च-अप्रैल में होने हैं विधानसभा चुनाव

बता दें कि पश्चिम बंगाल में मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने हैं और राज्य की 294 विधानसभा सीटों पर मुख्य टक्कर सत्तारूढ़ TMC और भाजपा के बीच मानी जा रही है। अभी तक बंगाल में छोटी पार्टी रही भाजपा इस बार TMC के किले में सेंध लगाने की तैयारी के साथ उतरी है और इसके लिए उसने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। खुद अमित शाह चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति तैयार कर रहे हैं।