Page Loader
'बेशरम रंग' गाने में दीपिका की जगह योगी आदित्यनाथ की तस्वीर लगाने पर FIR
'बेशरम गाने' में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर लगाने पर मुकदमा दर्ज

'बेशरम रंग' गाने में दीपिका की जगह योगी आदित्यनाथ की तस्वीर लगाने पर FIR

लेखन नवीन
Dec 19, 2022
04:28 pm

क्या है खबर?

अभिनेता शाहरुख खान की आने वाली फिल्म 'पठान' का गाना 'बेशर्म रंग' रिलीज होने के बाद से ही विवादों घिरा हुआ है। अब इससे जुड़ा एक और विवाद हो गया है और गाने में दीपिका पादुकोण की जगह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर लगाकर सोशल मीडिया पर शेयर करने के आरोप में लखनऊ पुलिस ने FIR दर्ज की है। एक ट्विटर हैंडल के खिलाफ ये FIR दर्ज की गई है।

आपत्ति

भाजपा नेताओं ने जताई थी तस्वीर पर आपत्ति

गाने में दीपिका की जगह योगी की तस्वीर लगाने पर कई भाजपा नेताओं और यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई थी और इसे अपमानजक बताया था। उन्होंने पुलिस से ट्वीट करने वाले शख्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की थी। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 295A और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। लखनऊ पुलिस की साइबर टीम मामले की जांच कर रही है।

ट्विटर पोस्ट

पुलिस से की गई थी मामले का संज्ञान लेने की मांग

मामला

क्यों हो रहा 'बेशरम रंग' गाने का विरोध?

फिल्म 'पठान' के गाने 'बेशरम रंग' के रिलीज होने के बाद से इसका सोशल मीडिया पर विरोध हो रहा है। इस गाने को लेकर राजनेताओं ने भी अपना विरोध जताया है। मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि गाने में भगवा कपड़ों का इस्तेमाल आपत्तिजनक है और इसके कई दृश्य आपत्तिजनक और अश्लील हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर इन दृश्यों को बदला नहीं गया तो वह मध्य प्रदेश में फिल्म पर प्रतिबंध लगा देंगे।

प्रतिबंध

मध्य प्रदेश विधानसभा में प्रतिबंध पर हो सकती है चर्चा

नरोत्तम मिश्रा के बाद मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने भी अभिनेता शाहरुख खान की आने वाली फिल्म 'पठान' का विरोध किया था। सिनेमाघरों में 25 जनवरी, 2023 को रिलीज होने वाली 'पठान' पर प्रतिबंध लगाने की मांग के बीच मध्य प्रदेश में आज से विधानसभा का पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है। सत्तारूढ़ भाजपा फिल्म पर प्रतिबंध लगाने के मुद्दे पर चर्चा के लिए प्रस्ताव ला सकती है।

विरोध

हिंदू संगठनों ने शाहरूख की दूसरी फिल्म की शूटिंग में डाला व्यवधान

इस विवाद के बीच विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने जबलपुर में शाहरुख की एक फिल्म की शूटिंग का जमकर विरोध किया। उन्होंने घंटों तक नारेबाजी करते हुए धरनास्थल पर हनुमान चालीसा का जाप किया। दरअसल, मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित टूरिस्ट प्लेस भेड़ाघाट में शाहरूख की नई फिल्म 'डंकी' का शूटिंग चल रही है। हिंदूवादी संगठनों को जैसे ही फिल्म की शूटिंग का पता चला, वह इसका विरोध करने के लिए भेड़ाघाट पहुंच गए।