Loading...
फारूक अब्दुल्ला नेशनल कॉन्फ्रेंस के 25 नाराज विधायकों से मिले, कहा- पार्टी नहीं टूटेगी
नेशनल कॉन्फ्रेंस में बगावत की खबरों के बीच फारूक अब्दुल्ला नाराज विधायकों से मिले

फारूक अब्दुल्ला नेशनल कॉन्फ्रेंस के 25 नाराज विधायकों से मिले, कहा- पार्टी नहीं टूटेगी

लेखन आबिद खान
Nov 06, 2026
03:04 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर नाराजगी और बगावत की अटकलों के बीच फारूक अब्दुल्ला ने एकजुटता का संदेश दिया है। उन्होंने श्रीनगर में पार्टी के 25 नाराज विधायकों के साथ बैठक के बाद कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस पूरी तरह संगठित और एकजुट है और पार्टी में फूट की खबरों को बेबुनियाद बताया। नाराज विधायकों को आश्वासन देते हुए उन्होंने ये भी कहा कि उनकी चिंताएं जायज हैं, जिन पर विस्तार से चर्चा हुई है।

बयान

फारूक बोले- विधायकों की शिकायतों का समाधान होगा

फारूक ने कहा, "नेशनल कॉन्फ्रेंस कभी नहीं टूटेगी। मैंने विधायकों की शिकायतें सुनी हैं, हम उन पर काम करेंगे। कुछ का समाधान तुरंत होगा, तो कुछ का धीरे-धीरे होगा। बेबुनियाद अफवाह फैलाई जा रही है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस गुटों में बंट गई है, यह सरासर गलत है। पार्टी पूरी तरह संगठित और एकजुट है। जो लोग सोचते हैं कि वे इस पार्टी को रोक लेंगे, वे जान लें कि यह पार्टी न कभी टूटी है और न कभी टूटेगी।"

विधायकों का बयान

नाराज विधायक बोले- अलग गुट नहीं बनाया

नाराज विधायकों के नेता नजीर गुरेजी ने कहा, "हमने नेतृत्व के सामने अपनी शिकायतें रखी हैं, उन पर जल्द ध्यान दिया जाएगा। कुछ दिन पहले हम सभी एक जगह इकट्ठा हुए थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैला दी गई कि पार्टी में अलग गुट बन गया है। न तो कोई अलग धड़ा बना है और न ही कोई अलग पार्टी बनी है।"

बैठक में शामिल विधायक बशीर वीरी ने कहा कि 24 घंटे में नतीजे नजर आएंगे।

ADVERTISEMENT

370

अनुच्छेद 370 पर लड़ाई जारी रहेगी- फारूक

फारूक अब्दुल्ला ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने और अनुच्छेद 370 व 35A की बहाली के लिए पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने कहा, "जम्मू-कश्मीर के पूर्ण राज्य के दर्जे की बहाली और अनुच्छेद 370 व 35A के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। पार्टी इस लड़ाई को उसके तार्किक अंजाम तक पहुंचाएगी।"

नेशनल कॉन्फ्रेंस लगातार अनुच्छेद 370 व 35A की बहाली की मांग उठाती रही है।

ADVERTISEMENT

नाराजगी

क्यों नाराज हैं विधायक?

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह विवाद मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद शुरू हुआ था, जिसमें कुछ वरिष्ठ विधायकों को जगह नहीं मिली। इससे वे नाराज हैं।

इन विधायकों ने कई गुप्त बैठकें भी की हैं।

विधायकों की प्रमुख मांगों में मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर सोगमी को हटाना, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी से सड़क निर्माण विभाग वापस लेना या पद से हटाना और सरकार के लोगों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कराना शामिल है।

ADVERTISEMENT