LOADING...
देश की अगली राष्ट्रपति होंगी द्रौपदी मुर्मू, विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराया
द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में यशवंत सिन्हा को मात दी

देश की अगली राष्ट्रपति होंगी द्रौपदी मुर्मू, विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराया

Jul 21, 2022
08:56 pm

क्या है खबर?

भाजपा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू देश की अगली राष्ट्रपति होंगी। आज हुई मतगणना में उन्होंने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को मात दी। तीसरी चरण की मतगणना तक मुर्मू को मिले वोट 50 प्रतिशत से अधिक हो चुके थे, ऐसे में उनका राष्ट्रपति बनना तय है। मुर्मू 25 जुलाई को देश के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगी। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को संपन्न हो रहा है।

इतिहास रचा

देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति हैं मुर्मू

इस चुनाव में जीत के साथ ही मुर्मू ने इतिहास रच दिया है और वह भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बन गई है। वह ओडिशा से आने वाली पहली राष्ट्रपति भी होंगी। इसके अलावा मुर्मू देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति भी हैं। उनसे पहले केवल प्रतिभा पाटिल राष्ट्रपति ही रही हैं। ओडिशा सरकार में क्लर्क की नौकरी से करियर शुरू करने वालीं मुर्मू इससे पहले झारखंड की राज्यपाल भी रह चुकी हैं।

बधाई

यशवंत सिन्हा ने दी मुर्मू को बधाई

नतीजे स्पष्ट होने के बाद यशवंत सिन्हा ने बयान जारी कर द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनने की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि वह और हर भारतीय उम्मीद करता है कि बिना किसी डर और पक्षपात के राष्ट्रपति के तौर पर वह संविधान के संरक्षक के तौर पर काम करेंगी। सिन्हा ने उन्हें संयुक्त उम्मीदवार चुनने वाले विपक्षी पार्टियों के नेताओं और उन्हें वोट देने वाले निर्वाचित प्रतिनिधियों का शुक्रिया अदा भी किया।

Advertisement

बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- एक आदिवासी बेटी को चुनकर देश ने इतिहास रचा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि भारत ने आज इतिहास रचते हुए एक आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति चुना है। उन्होंने कहा कि मुर्मू का संघर्ष हर भारतीय को प्रेरणा देता है और वह गरीबों और दबे-कुचलों के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरी हैं। प्रधानमंत्री ने मुर्मू को वोट देने वाले सभी सांसदों और विधायकों का शुक्रिया अदा भी किया। राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं ने भी मुर्मू को बधाई दी है।

Advertisement

जश्न

बड़े जश्न की तैयारी में भाजपा, राजपथ तक रोड शो

मुर्मू की जीत के बाद भाजपा बड़े जश्न की तैयारी में हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली स्थिति पार्टी मुख्यालय से एक रोड शो शुरू भी कर दिया है जो राजपथ पर जाकर खत्म होगा। भाजपा की सभी राज्य इकाइयों ने भी जश्न की तैयारी की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तीन मूर्ति स्थित मुर्मू के अस्थायी निवास पर जाकर उन्हें राष्ट्रपति बनने की बधाई दी। अन्य नेता भी उसने मिलने जा सकते हैं।

आंकड़े

18 जुलाई को हुई थी वोटिंग, लगभग तय था मुर्मू का राष्ट्रपति बनना

राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद और देशभर की विधानसभाओं में 18 जुलाई को वोटिंग हुई थी। इसमें 99 प्रतिशत से अधिक सांसदों और विधायकों ने वोट डाला था। चुनाव से पहले कुल 44 पार्टियों ने द्रौपदी मुर्मू और 34 पार्टियों ने यशवंत सिन्हा को समर्थन देने का ऐलान किया था। चुनाव में कुछ विधायकों और सांसदों ने मुर्मू के समर्थन में क्रॉस-वोटिंग भी की। ऐसे में माना जा रहा था कि मुर्मू यह चुनाव आसानी से जीत लेंगी।

Advertisement