परिसीमन विधेयक पर DMK ने ठुकराई कांग्रेस की अपील, भाजपा ने राहुल गांधी पर कसा तंज
क्या है खबर?
केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध करने के लिए DMK प्रमुख एमके स्टालिन को मनाने की INDIA गठबंधन की कोशिशें विफल हो गई है। DMK ने साफ कर दिया कि वह विधेयक का समर्थन जारी रखेगी। इसके बाद भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने राहुल का मजाक उड़ाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राजनीतिक सुविधा के लिए अपने दो दशक पुराने क्षेत्रीय सहयोगी को धोखा दिया है।
मुलाकात
INDIA गठबंधन के नेताओं ने स्टालिन से की मुलाकात
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी (CPM) महासचिव एमए बेबी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने चेन्नई में स्टालिन से लगभग डेढ़ घंटा मुलाकात की।
इस मुलाकात में राहुल ने विधेयकों का विरोध करने का आग्रह करते हुए चेतावनी दी कि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने से लोकतंत्र कमजोर हो सकता है।
खारिज
DMK ने खारिज की INDIA गठबंधन की मांग
इस मुलाकात के बाद DMK प्रमुख स्टालिन ने INDIA गठबंधन की मांग को ठुकरा दिया।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, "हमारा रुख यह है कि अगर यह परिसीमन विधेयक गिरता है, तो तमिलनाडु को अब तक मिली हुई थोड़ी-बहुत सुरक्षा भी छिन जाएगी। विधेयक का समर्थन करने के अलावा उनके पास कोई और विकल्प नहीं है, क्योंकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले दलों की ओर से कोई दूसरा विकल्प पेश नहीं किया गया है। हमारे लिए तमिलनाडु सबसे पहले है।"
तंज
भाजपा नेता बीवाई विजयेंद्र ने राहुल पर कसा तंज
भाजपा नेता बीवाई विजयेंद्र ने एक्स पर लिखा, 'खेल खत्म, भाई! राहुल गांधी और उनकी हास्यास्पद टूर पार्टी को आखिरकार अपनी ही दवा का स्वाद चखने को मिला है और उन्हें कड़वी सच्चाई का सामना करना पड़ा है।'
विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि राहुल अपनी सुविधा के अनुसार एमके स्टालिन को अपना भाई कहते हैं, लेकिन सरकार बनाने के लिए उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों से हाथ मिलाकर उन्हें धोखा देते हैं और 'एट्टप्पन' (गद्दार) तक कह देते हैं।
विधेयक
संसद में पेश होने वाले प्रमुख विधेयक
30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े 3 विधेयक पेश करने जा रही है।
इनमें जिनमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कानूनों में संशोधन शामिल हैं।
इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 (राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35) करने का प्रस्ताव रखा गया है।