Page Loader
दिल्ली में इस बार 1.55 करोड़ से ज्यादा मतदाता, संख्या 3 लाख बढ़ी 
दिल्ली में इस बार 3 लाख मतदाताओं का नाम बढ़ा

दिल्ली में इस बार 1.55 करोड़ से ज्यादा मतदाता, संख्या 3 लाख बढ़ी 

लेखन गजेंद्र
Jan 06, 2025
01:07 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने मतदाताओं की अंतिम सूची जारी कर दी। इस बार दिल्ली में 1.55 करोड़ से ज्यादा मतदाता हैं। मतदाता सूची से नाम काटने के विवाद के बीच करीब 3 लाख मतदाताओं के नाम बढ़ गए हैं। इस बार दिल्ली में पुरुष मतदाताओं की संख्या 83.49 लाख, महिला मतदाताओं की संख्या 71.73 लाख और थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 1,261 है। सूची को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) में विवाद था।

मतदाता सूची

मतदाता सूची को लेकर चल रहा है विवाद

दिल्ली में मतदाता सूची को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कुछ दिन पहले आरोप लगाया था उनके निर्वाचन क्षेत्र नई दिल्ली में 5,000 से ज्यादा नाम हटाने और 7,500 नाम जोड़ने के लिए आवेदन दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया था कि इससे उनके क्षेत्र में 12 प्रतिशत वोट बदल सकते हैं। इस पर भाजपा के दिल्ली अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने का काम केजरीवाल की साजिश का हिस्सा है।

सफाई

चुनाव आयोग ने दी थी सफाई

चुनाव आयोग ने दिल्ली में मतदाता सूची को लेकर उठे विवाद पर अपनी सफाई दी थी। आयोग ने कहा था कि केजरीवाल के दावे पुराने ड्रॉफ्ट के आधार पर है, 1 जनवरी, 2025 तक जो आवेदन आएं, उनका निपटारा किया जाएगा। आयोग ने कहा था कि 6 जनवरी को अंतिम सूची जारी की जाएगी और उन्होंने सफाई दी थी कि मतदाता सूची में बदलाव होते रहते हैं।