दिल्ली का बजट पेश: महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह, होली-दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर मिलेगा
क्या है खबर?
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली सरकार का पहला बजट पेश किया, जिसे 'हरित बजट' बताया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1.03 लाख करोड़ रुपये के बजट में परिवहन विभाग को सबसे बड़ा हिस्सा मिला है। मुख्यमंत्री ने अनधिकृत कॉलोनिया के लिए नागरिक सुविधाओं का ऐलान किया है। साथ ही, लड़कियों के लिए मुफ्त साइकिल, मेधावी छात्रों को लैपटॉप, होली-दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर और महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये देने की घोषणा की है।
तोहफा
होली और दिवाली पर मिलेगा मुफ्त सिलेंडर
मुख्यमंत्री ने होली-दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर देने के लिए 260 करोड़ रुपये आवंटित किया है। उन्होंने बताया कि होली पर 853 रुपये खाते में दिए थे, अब दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब दिल्ली की महिलाओं के साथ ट्रांसजेंडर वर्ग को भी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। दिल्ली लखपति योजना के तहत लड़कियों के खाते में जन्म से लेकर स्नातक तक रुपये डाले जाएंगे। लड़कियों को स्नातक के बाद 1.2 लाख रुपये मिलेंगे।
बजट
बच्चों के लिए मुफ्त परिवहन का इंतजाम
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के स्कूली बच्चों को स्कूल से लाने और ले जाने के लिए जल्द ही एक परिवहन योजना लाई जाएगी। उन्होंने कक्षा 9 से 12 तक की 1 लाख 30 हजार लड़कियों को साइकिल देने का ऐलान किया है, जिसके लिए 90 करोड़ रुपये का बजट तय है। 10वीं कक्षा के छात्रों को मुफ्त में लैपटॉप देने के लिए 10 करोड़ रुपये बजट का ऐलान किया है। दिल्ली में पहला सैन्य स्कूल खुलेगा।
स्वास्थ्य
दिल्ली में डिजिटल ब्लड बैंक और नया ट्रॉमा सेंटर बनेगा
दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को 12,645 करोड़ का बजट आवंटित किया है। साथ ही, दिल्ली के अस्पताल में जन्मे हर बच्चे की 'अनमोल योजना' के तहत 56 मेडिकल जांच मुफ्त होगी। दिल्ली में डिजिटल ब्लड बैंक बनेगा। रियल टाइम वेंटिलेटर का रिकॉर्ड रखा जाएगा। गुरु तेगबहादुर अस्पताल में नया ट्रॉमा सेंटर और 650 नए आयुष्मान केंद्र बनेंगे। दिल्ली में MBBS की सीटें 595 से 820, पोस्ट ग्रेजुएट की सीट 593 से 762 होंगी। द्वारका में नया मेडिकल कॉलेज बनेगा।
महिला
महिलाओं को मिलेंगे 1,500 रुपये और ऑटो के ई-परमिट
मुख्यमंत्री गुप्ता ने महिला विभाग के लिए 7,406 करोड़ रुपये की घोषणा की है। सरकार ने महिला सम्मान योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिसके तहत महिलाओं को 1,500 रुपये महीने दिए जाएंगे। पात्रों की जांच के लिए एक कमेटी बनेगी, ताकि योजना का दुरुपयोग न हो। दिल्ली में महिलाओं के लिए 1,000 और ट्रांसजेंडरों के लिए 100 ऑटो का ई-परमिट जारी होगा। गिग वर्कर्स के लिए खाने-आराम और मोबाइल चार्जिंग वाले रेस्ट रूम बनाए जाएंगे।
ट्विटर पोस्ट
मुख्यमंत्री का बजट भाषण
LIVE: Annual Budget 2026-2027 https://t.co/AF8wIm1vki
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) March 24, 2026