इंडिगो से भाजपा सांसद का सामान गायब, बोले- आम यात्रियों की क्या हालत होती होगी
क्या है खबर?
इंडिगो की लापरवाही का नया मामला सामने आया है। इस बार उत्पीड़ित कोई आम यात्री नहीं बल्कि भाजपा के सांसद हैं, जिनका सामान उड़ान से गायब हो गया। दिल्ली के चांदनी चौक से लोकसभा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने इसकी जानकारी एक्स पर दी और लिखा कि यह उनके लिए बहुत शर्मनाक अनुभव है। उन्होंने कहा कि सामान गायब होने से उन्हें आर्थिक और मानसिक नुकसान हुआ है और इससे आम यात्रियों के अनुभव का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पीड़ा
जरूरी और कीमती दस्तावेज थे- सांसद
सांसद खंडेलवाल ने एक्स पर लिखा, 'इंडिगो के साथ शर्मनाक अनुभव। मैंने आज नई दिल्ली से बेलगावी के लिए 6E-5237 उड़ान से सफर किया। मैं अपनी मंजिल पर पहुंच गया, लेकिन सामान नहीं पहुंचा। वह कहां है, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। इससे मुझे बहुत ज़्यादा मानसिक परेशानी, गंभीर परेशानी और पैसे का नुकसान हुआ है क्योंकि मुझे तुरंत जरूरी कपड़े और पर्सनल सामान खरीदना पड़ा है। मेरे सामान में जरूरी और कीमती दस्तावेज भी हैं।'
परेशानी
इंडिगो के CEO को टैग कर तुरंत जवाब मांगा
सांसद ने लिखा, 'जरूरी सामान और दस्तावेज गायब होने से स्थिति और भी परेशान करने वाली हो गई है। ऐसी लापरवाही और खराब मैनेजमेंट बिल्कुल भी मंजूर नहीं है। यह अनुभव किसी सांसद के साथ हुआ है, तो आम यात्रियों की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है।' सांसद ने इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पीटर एल्बर्स को टैग कर लिखा, 'मुझे तुरंत जवाब चाहिए।' उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से भी दखल देने की मांग की है।
जानकारी
इंडिगो ने कोई जवाब नहीं दिया
मामले पर अभी तक इंडिगो ने कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। हालांकि, मंत्रालय ने सांसद के पोस्ट पर जवाब दिया, 'हमने जरूरी कार्रवाई के लिए आपकी जानकारी संबंधित एयरलाइन के साथ साझा कर दी हैं। वे आगे की मदद के लिए आपसे संपर्क करेंगे।'