Page Loader
दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम 2025: केजरीवाल-सिसोदिया हारे, आतिशी जीतीं; जानें बड़ी सीटों का हाल
दिल्ली की बड़ी सीटों का हाल जानिए

दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम 2025: केजरीवाल-सिसोदिया हारे, आतिशी जीतीं; जानें बड़ी सीटों का हाल

लेखन आबिद खान
Feb 08, 2025
01:45 pm

क्या है खबर?

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है और आम आदमी पार्टी (AAP) के हाथ से सत्ता खिसक गई है। फिलहाल भाजपा 48 और AAP 22 सीटों पर आगे चल रही है। AAP के 2 बड़े नेता- अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया हार गए हैं। मुख्यमंत्री आतिशी ने जीत दर्ज की है। आइए सभी बड़ी सीटों का हाल जानते हैं।

नई दिल्ली

कड़े मुकाबले में केजरीवाल हारे

नई दिल्ली सीट पर केजरीवाल को भाजपा के प्रवेश वर्मा ने हरा दिया है। मतगणना शुरू होने के करीब एक घंटे बाद तक केजरीवाल यहां से पीछे चल रहे थे। पांचवें राउंड की गिनती पूरी होने पर केजरीवाल को 10,294 और प्रवेश को 9,908 वोट मिले हैं। यानी केजरीवाल केवल 386 वोटों से आगे हुए, लेकिन अगले ही राउंड में फिर 238 वोट से पिछड़ गए। वहीं, कांग्रेस के संदीप दीक्षित तीसरे स्थान पर रहे।

कालकाजी

मुख्यमंत्री आतिशी ने बचाई AAP की लाज

मुख्यमंत्री आतिशी की सीट कालकाजी पर भाजपा के रमेश बिधूड़ी बढ़त बनाए हुए थे। यहां 4 राउंड की गिनती पूरी होने तक बिधूड़ी 1,635 वोटों से आगे चल रहे थे। हालांकि, बाद में आतिशी ने वापसी करते हुए बिधूड़ी को कड़े मुकाबले में हरा दिया है। यहां भी कांग्रेस काफी पीछे रही। उसकी उम्मीदवार अलका लांबा को मात्र 3,800 वोट मिले हैं और वो 43,000 से ज्यादा वोटों से चुनाव हार गई हैं।

सिसोदिया

सिसोदिया कड़े मुकाबले में 600 वोटों से हारे

जंगपुरा में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को भाजपा प्रत्याशी तरविंदर सिंह मारवाह से कड़ी चुनौती मिली। शुरुआत में सिसोदिया यहां से पिछड़ गए थे, लेकिन बाद में करीब 2,000 वोटों की लीड प्राप्त की। हालांकि, इसके बाद 10वें राउंड की गिनती होने तक 675 वोटों से हार गए। कांग्रेस प्रत्याशी फरहद सूरी 7,350 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहे। बता दें कि इस बार सिसोदिया की सीट बदली गई है।

करावल नगर

करावल नगर से कपिल मिश्रा की बढ़त जारी

करावल नगर सीट पर भाजपा के कपिल मिश्रा ने जीत दर्ज की है। कपिल यहां से शुरू से ही बढ़त बनाए हुए थे। कपिल ने AAP के मनोज त्यागी और कांग्रेस के पीके मिश्रा को पटखनी दी है। पटपड़गंज सीट पर AAP की ओर से मैदान में उतरे अवध ओझा को भाजपा के रविंदर सिंह नेगी ने बड़े अंतर से हराया है। ओझा 28,000 वोटों से हार गए हैं। कांग्रेस यहां तीसरे नंबर पर रही।

सीटें

इन बड़ी सीटों का हाल भी जानिए

ओखला में शुरुआत में पिछड़ने के बाद AAP के अमानतुल्लाह खान 22,000 वोटों से आगे हैं। ग्रेटर कैलाश से AAP के सौरभ भारद्वाज 3,188 वोटों से हार गए हैं। मंत्री गोपाल राय बाबरपुर सीट से 18,000 वोटों से जीत गए हैं। इमरान हुसैन बल्लीमारन सीट से 29,823 वोटों से जीते हैं। मटियाला से भाजपा के संदीप सहरावत और कोंडली से भाजपा उम्मीदवार प्रियंका गौतम आगे हैं। मादीपुर से भी भाजपा के कैलाश गंगवाल आगे हैं।