Page Loader
दिल्ली विधानसभा चुनाव: भाजपा की जीत पर बोले प्रधानमंत्री- दिल्लीवालों का प्यार विकास करके लौटाएंगे
दिल्ली विधानसभा चुनावों में जीत के बाद प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया

दिल्ली विधानसभा चुनाव: भाजपा की जीत पर बोले प्रधानमंत्री- दिल्लीवालों का प्यार विकास करके लौटाएंगे

लेखन आबिद खान
Feb 08, 2025
07:37 pm

क्या है खबर?

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "मैंने प्रार्थना की थी कि 21वीं सदी में भाजपा को अवसर दीजिए। दिल्ली को विकसित भारत की राजधानी बनाने के लिए भाजपा को मौका दीजिए। मैं दिल्ली के हर परिवारजन को मोदी की गारंटी पर भरोसा करने के लिए सिर झुकाकर नमन करता हूं।" इस दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई बड़े नेता मौजूद थे।

बयान

प्रधानमंत्री बोले- दिल्ली ने दिल खोलकर प्यार दिया

प्रधानमंत्री ने कहा, "दिल्ली ने दिल खोलकर प्यार दिया। आपके इस प्यार को विकास के तौर पर हम लौटाएंगे। दिल्ली के लोगों का ये प्यार ये विश्वास हम सभी पर एक कर्ज है। इसे अब दिल्ली की डबल इंजन सरकार दिल्ली का डबल तेजी से विकास करके चुकाएगी। आज की ये ऐतिहासिक विजय है। ये सामान्य विजय नहीं है। दिल्ली को लोगों ने आप-दा को बाहर कर दिया है। एक दशक की आप-दा से दिल्ली मुक्त हुई है।"

AAP

AAP को लेकर प्रधानमंत्री ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री ने कहा, "दिल्ली का मालिक होने का जिन्हें घमंड था, उनका सच से सामना हो गया है। दिल्ली के जनादेश से स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्ट कट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। जनता ने शॉर्ट कट वाली राजनीति का शॉर्ट सर्किट कर दिया है। दिल्ली के लोगों ने लोकसभा में मुझे कभी निराश नहीं किया। 2014, 2019, 2024 में दिल्ली के लोगों ने भाजपा को 7 की 7 सीटों पर विजयी बनाया।"

ट्विटर पोस्ट

भाजपा कार्यालय पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया

नड्डा का बयान

नड्डा बोले- दिल्ली के दिल में प्रधानमंत्री मोदी बसते हैं

नड्‌डा ने कहा, "हमारे कार्यकर्ताओं ने अथक मेहनत की। जनता ने पहले लोकसभा चुनाव में सभी 7 सीटों पर जीत दिलाई। अब विधानसभा चुनाव में 48 सीटें हमारी झोली में डाल दीं। इससे साफ है कि दिल्ली के दिल में प्रधानमंत्री मोदी बसते हैं।" नड्डा ने आगे कहा, "उन्होंने दिल्ली को कूड़ादान बना दिया था, गंदा पानी पीने पर मजबूर किया, गड्ढों पर चलने को मजबूर किया। दिल्ली की जनता ने ऐसी पार्टी को घर बैठा दिया है।"

नतीजे

क्या रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे?

खबर लिखे जाने तक भाजपा 47 सीटें जीत चुकी हैं और एक पर आगे चल रही है। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) 22 सीटें जीत चुकी है। पिछली बार की तरह इस बार भी कांग्रेस का खाता नहीं खुला है। AAP के कई बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मंत्री सत्येंद्र जैन, सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं को हार का मुंह देखना पड़ा है।